श्रीकोलायत। श्रीकोलायत क्षेत्र में सड़क कनेक्टिविटी को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। अग्नेऊ (उदावतो की ढाणी) लिंक सड़क के निर्माण के लिए प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति जारी की गई है। सड़क निर्माण पर 70 लाख रुपये खर्च होंगे।
विधायक अंशुमान सिंह भाटी ने बताया कि कृषि उपज मंडी समिति, पूगल के प्रस्ताव पर किमी 3/0 से 5/0 तक रणधिसर की ओर कुल 2 किलोमीटर लंबी सड़क के निर्माण की स्वीकृति मिली है। इस सड़क के निर्माण से क्षेत्र के ग्रामीणों और किसानों को आवागमन में सुविधा मिलने की उम्मीद है।
किसानों को कृषि उपज के परिवहन में मिलेगी सुविधा
अग्नेऊ (उदावतो की ढाणी) लिंक सड़क बनने से ग्रामीण क्षेत्र का सड़क संपर्क बेहतर होगा। इससे किसानों को खेतों तक आने-जाने के साथ कृषि उपज को मंडी और अन्य स्थानों तक पहुंचाने में भी सुविधा मिलेगी। सड़क निर्माण से क्षेत्र में कृषि गतिविधियों को भी बेहतर कनेक्टिविटी मिलने की संभावना है।
विधायक ने सरकार का जताया आभार
विधायक अंशुमान सिंह भाटी ने सड़क निर्माण की स्वीकृति के लिए मुख्यमंत्री और राजस्थान सरकार का आभार जताया। उन्होंने कहा कि कोलायत विधानसभा क्षेत्र की आवश्यकताओं के अनुसार आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और सड़क संपर्क को मजबूत करने के प्रयास लगातार किए जा रहे हैं।
भाटी ने कहा कि विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों तक विकास की पहुंच सुनिश्चित करने के लिए सड़क और अन्य आधारभूत सुविधाओं से जुड़े कार्य आगे भी जारी रहेंगे।






