श्रीकोलायत। श्रीकोलायत थाना क्षेत्र के बीठनोक गांव में खेत की भूमि पर कब्जे के विवाद को लेकर दो सगे भाइयों पर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार बीठनोक निवासी जेठूसिंह पुत्र सुगन सिंह राजपूत ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 29 जुलाई 2026 की सुबह करीब 9 बजे वह अपने छोटे भाई आसुसिंह के साथ ट्रैक्टर लेकर खेत में बुआई करने पहुंचा था। खेत खसरा संख्या 222 की 71 बीघा भूमि में से 17.75 बीघा भूमि दोनों भाइयों के हिस्से में आती है। मौके पर पहुंचने पर उन्होंने देखा कि उनकी करीब 5 बीघा जमीन पर पहले से ही काश्त की जा चुकी थी।
रिपोर्ट के अनुसार इसी दौरान विजयसिंह पुत्र सुगन सिंह, छैलूसिंह, कालूसिंह तथा पप्पूसिंह पुत्र विजयसिंह, निवासी बीठनोक, कथित रूप से कुल्हाड़ी, तार से बंधी लकड़ी और छह सिंगों वाली जही लेकर मौके पर पहुंचे और दोनों भाइयों पर हमला कर दिया। आरोप है कि जेठूसिंह और उसके भाई आसुसिंह के सिर सहित हाथ-पैरों पर गंभीर चोटें आईं।
परिवादी ने आरोप लगाया कि हमलावरों ने उसका मोबाइल फोन भी तोड़ दिया तथा उसके कान का आभूषण और करीब दो भरी सोने की करणी माता की मूर्ति भी क्षतिग्रस्त कर दी।
शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो आरोपी वहां से फरार हो गए। रिपोर्ट में आरोप है कि जाते समय आरोपियों ने पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी।
पुलिस ने दोनों घायलों का चिकित्सीय परीक्षण करवाया है। रिपोर्ट के आधार पर श्रीकोलायत थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच एएसआई जयसिंह को सौंपी है।



