कोलायत पेट्रोल पंप के गल्ले से चोरी, CCTV में रुपए निकालता दिखा युवक

17 Sep 2026 BIKANER
Advertisement

कोलायत पेट्रोल पंप के गल्ले से 50 हजार चोरी, CCTV में रुपए निकालता दिखा युवक

श्रीकोलायत। श्रीकोलायत में एक पेट्रोल पंप के गल्ले से 50 हजार रुपए चोरी होने का मामला सामने आया है। पंप की देखरेख करने वाले व्यक्ति ने कोलायत थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

आधे घंटे बाद लौटे तो गल्ले से गायब मिले रुपए

रिपोर्ट में कोलायत निवासी कुमारिल मिश्रा पुत्र दीपक मिश्रा ने बताया कि उसकी माता के नाम से श्री बालाजी फिलिंग स्टेशन है, जिसकी देखरेख वह करता है। 13 सितंबर 2026 की रात करीब 8 बजे वह पंप से अपने घर चला गया था। उस समय सेल्समैन पेट्रोल-डीजल भर रहे थे और पंप पर काफी संख्या में अनजान लोग भी मौजूद थे।

कुमारिल मिश्रा के अनुसार करीब आधे घंटे बाद वह वापस पेट्रोल पंप पहुंचा और गल्ले का हिसाब मिलाने लगा। इस दौरान दिन का हिसाब रखकर गल्ले में छोड़े गए 50 हजार रुपए गायब मिले।

CCTV फुटेज में रुपए निकालता दिखा युवक

रुपए गायब मिलने के बाद पंप पर लगे CCTV कैमरों की फुटेज चेक की गई। रिपोर्ट के अनुसार फुटेज में एक जवान उम्र का अज्ञात युवक गल्ले से रुपए निकालता हुआ दिखाई दिया। आरोप है कि युवक ने मौका देखकर गल्ले में रखे 50 हजार रुपए चोरी कर लिए।

परिवादी ने पुलिस से अज्ञात आरोपी की तलाश कर चोरी की राशि बरामद करवाने और उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।

पुलिस ने दर्ज किया मामला

रिपोर्ट के अवलोकन के बाद कोलायत पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर लिया है। मामले की जांच सहायक उप-निरीक्षक रोहिताश भारी को सौंपी गई है। पुलिस CCTV फुटेज के आधार पर अज्ञात युवक की पहचान और तलाश में जुटी है।

Share: