कोलायत पुलिस की दो बड़ी कार्रवाई: डोडा पोस्त सप्लायर गिरफ्तार, किशोर गृह से फरार किशोर पैदल यात्रियों के बीच मिला
श्रीकोलायत। कोलायत पुलिस ने अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए अवैध डोडा पोस्त की सप्लाई करने के आरोपी को गिरफ्तार किया है। वहीं किशोर गृह से फरार एक किशोर को रामदेवरा जाने वाले पैदल यात्रियों के बीच से दस्तयाब किया गया है।
डोडा पोस्त सप्लाई के आरोपी को किया गिरफ्तार
पुलिस के अनुसार मोहनराम पुत्र बगडूराम विश्नोई (44) निवासी गोदारों का बास, खिदरत, थाना बाप, जिला फलोदी को गिरफ्तार किया गया है। आरोप है कि करीब एक माह पहले पुलिस थाना गजनेर में दर्ज दो अलग-अलग प्रकरणों में गिरफ्तार आरोपियों को उसने अवैध डोडा पोस्त की सप्लाई की थी।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है और मामले में आगे अनुसंधान जारी है। पुलिस सप्लाई से जुड़े अन्य लोगों के बारे में भी जानकारी जुटा रही है।
पैदल यात्रियों के साथ चल रहा था फरार किशोर
दूसरी कार्रवाई में कोलायत पुलिस ने किशोर गृह से कुछ समय पहले फरार हुए किशोरों में से एक को दस्तयाब किया है। पुलिस के अनुसार किशोर रामदेवरा जाने वाले पैदल यात्रियों के साथ श्रद्धालु बनकर पैदल यात्रा कर रहा था।
पुलिस ने तलाश के दौरान किशोर को दस्तयाब कर लिया। इसके बाद उसे पुलिस थाना सदर बीकानेर को सुपुर्द कर दिया गया।




