ऑपरेशन नीलकंठ में कोलायत पुलिस का बड़ा वार: 18 किलो डोडा पोस्त के साथ तस्कर गिरफ्तार

27 Jun 2026 BIKANER
Advertisement

ऑपरेशन नीलकंठ में कोलायत पुलिस का बड़ा वार: 18 किलो डोडा पोस्त के साथ तस्कर गिरफ्तार

बीकानेर। जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन नीलकंठ और एरिया डोमिनेशन अभियान के तहत कोलायत थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 18 किलो 120 ग्राम अवैध डोडा पोस्त छिलका बरामद किया है।

पुलिस अब आरोपी से मादक पदार्थ की खरीद-फरोख्त और सप्लाई नेटवर्क को लेकर गहन पूछताछ कर रही है।

पुलिस को देखकर कट्टा लेकर भागने लगा आरोपी

पुलिस के अनुसार महानिरीक्षक पुलिस बीकानेर रेंज ओमप्रकाश और पुलिस अधीक्षक बीकानेर मृदुल कच्छावा के निर्देशन में जिलेभर में नशा तस्करों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है।

इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) बनवारीलाल मीणा के निर्देश और वृत्ताधिकारी कोलायत संग्रामसिंह के सुपरविजन में शनिवार को थानाधिकारी जसवीर कुमार अपनी टीम के साथ गश्त कर रहे थे।

गश्त के दौरान चक विजयसिंहपुरा से बाला ग्रेवल सड़क पर पुलिस टीम को देखकर एक व्यक्ति कट्टा लेकर भागने लगा। उसकी गतिविधियां संदिग्ध लगने पर पुलिस ने पीछा कर उसे पकड़ लिया।

तलाशी में मिला 18 किलो डोडा पोस्त

पुलिस ने आरोपी की तलाशी ली तो उसके कब्जे से 18 किलो 120 ग्राम डोडा पोस्त छिलका बरामद हुआ। पुलिस ने मादक पदार्थ को जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

आरोपी सुरेश कुमार गिरफ्तार

पुलिस ने आरोपी की पहचान सुरेश कुमार (31) पुत्र प्रभुराम, निवासी वार्ड नंबर 15, चक विजयसिंहपुरा, थाना कोलायत, जिला बीकानेर के रूप में की है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।

सप्लाई नेटवर्क खंगाल रही पुलिस

मामले की आगे की जांच हदां थाना प्रभारी ईमीचंद सोलंकी द्वारा की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि डोडा पोस्त कहां से लाया गया था और इसे किसे सप्लाई किया जाना था।

पुलिस ने बताया कि जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और तस्करों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Share: