कोलायत में सड़क हादसा: गाय के बछड़े से टकराई बाइक, युवक की मौत

30 Sep 2026 BIKANER
Advertisement

श्रीकोलायत। श्रीकोलायत के लोहिया रोड पर मंगलवार शाम हुए सड़क हादसे में मोटरसाइकिल सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद दोनों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से गंभीर हालत में बीकानेर के पीबीएम अस्पताल रेफर किया गया। उपचार के दौरान एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरे का इलाज जारी है।

Advertisement

कोलायत थाने के एएसआई रोहिताश भारी के अनुसार हादसा मंगलवार शाम करीब साढ़े सात बजे हुआ। पवन कुमार पुत्र जीसुखराम धायल (16), निवासी चकविजयसिंहपुरा और भवानी पुत्र ओमप्रकाश जाट (22), निवासी कोलायत बिना नंबर की हीरो होंडा मोटरसाइकिल से लोहिया की ओर से कोलायत आ रहे थे।

कोलायत से करीब पांच किलोमीटर पहले अचानक सड़क पर गाय का बछड़ा आ गया। बाइक बछड़े से टकराने के बाद अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे लगे पत्थर के साइन बोर्ड से जा टकराई। हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।

घायलों को पहले कोलायत अस्पताल पहुंचाया गया। हालत गंभीर होने पर दोनों को बीकानेर के पीबीएम अस्पताल रेफर कर दिया गया। उपचार के दौरान भवानी की मौत हो गई, जबकि पवन कुमार का इलाज जारी है। हादसे की सूचना मिलने पर दोनों युवकों के परिजन भी पीबीएम अस्पताल पहुंच गए।

एएसआई रोहिताश भारी ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी में हादसे में किसी अन्य वाहन की भूमिका सामने नहीं आई है। क्षतिग्रस्त मोटरसाइकिल को सुरक्षित रखवाया गया है। परिजनों की रिपोर्ट मिलने के बाद पुलिस नियमानुसार आगे की कार्रवाई करेगी।

Advertisement
Share: