लूणकरणसर में ई-मित्र केंद्र से ₹10 हजार नकद और आधार कार्ड चोरी, 4 नामजद समेत कई लोगों पर केस दर्ज

26 Jul 2026 BIKANER
Advertisement

लूणकरणसर। रेलवे फाटक के पास स्थित एक ई-मित्र केंद्र से ₹10 हजार नकद और आधार कार्ड चोरी करने के मामले में पुलिस ने चार नामजद आरोपियों सहित चार-पांच अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

कैम्पर गाड़ी में पहुंचे आरोपी

पुलिस के अनुसार पीड़ित भवानी शंकर पुत्र सतपाल सोखल ने रिपोर्ट दर्ज करवाई है। परिवादी ने बताया कि वह अपनी ई-मित्र दुकान पर बैठा था। इसी दौरान कैम्पर गाड़ी में सवार होकर जयपाल, राजू, अयूब सहित अन्य युवक एक नाबालिग के साथ दुकान पर पहुंचे।

नाबालिग ने दिया धक्का, फिर फरार हुए आरोपी

रिपोर्ट में आरोप लगाया गया है कि आरोपियों ने नाबालिग को पास की दूसरी दुकान की ओर भेज दिया। दूसरी दुकान में शोर-शराबा होने पर जब भवानी शंकर वहां पहुंचे तो नाबालिग उन्हें धक्का देकर भाग निकला और बाहर खड़ी कैम्पर गाड़ी में बैठकर साथियों के साथ फरार हो गया।

गल्ले से नकदी और आधार कार्ड गायब

दुकान पर लौटने पर परिवादी ने देखा कि गल्ला खुला हुआ था। जांच करने पर उसमें रखे ₹10 हजार नकद और एक आधार कार्ड गायब मिले। इसके बाद घटना की सूचना पुलिस को दी गई।

मामला दर्ज, जांच शुरू

लूणकरणसर पुलिस ने परिवादी की रिपोर्ट के आधार पर चार नामजद आरोपियों सहित अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच एएसआई सुरेश कुमार को सौंपी गई है। पुलिस आरोपियों की तलाश और घटना की जांच में जुटी हुई है।

Share: