ट्रेन के AC कोच में मां-बेटी के बैग से 1 करोड़ की ज्वेलरी और 8 लाख कैश चोरी, नोखा पहुंचकर खुला राज
बीकानेर। मदुरई-बीकानेर एक्सप्रेस के एसी कोच में सफर कर रही मां-बेटी के बैग से करीब 1 करोड़ रुपए की ज्वेलरी और 8 लाख रुपए नकद चोरी होने का मामला सामने आया है। दोनों नागपुर में परिचित के सगाई समारोह में शामिल होकर नोखा लौट रही थीं। घर पहुंचकर सामान की जांच करने पर बैग से जेवर और नकदी गायब मिली। मामले में बीकानेर जीआरपी ने 14 सितंबर को एफआईआर दर्ज की है।
AC कोच में सीट के नीचे रखा था सामान
बीकानेर जीआरपी थानाधिकारी नेहा राजपुरोहित के अनुसार देसलसर निवासी विक्रम राजपुरोहित ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। रिपोर्ट के मुताबिक उनका परिवार महाराष्ट्र के वरूड़, जिला अमरावती में मिठाई का कारोबार करता है और परिवार के कई सदस्य वहीं रहते हैं।
विक्रम की मां मांगीदेवी और बहन डिंपल राजपुरोहित 11 सितंबर को नागपुर से नोखा आने के लिए मदुरई-बीकानेर एक्सप्रेस में सवार हुई थीं। दोनों की सीट बी-1 कोच में 25 और 28 नंबर पर थी। उनके पास दो ट्रॉली बैग समेत 3-4 अन्य बैग थे। यात्रियों ने अपना सामान सीट के नीचे रखा था।
घर पहुंचकर खोला बैग तो गायब मिले जेवर और नकदी
12 सितंबर को ट्रेन नोखा पहुंची। परिजन स्टेशन पहुंचे और मां-बेटी को सामान सहित गांव ले गए। घर पहुंचने के बाद जब मांगीदेवी ने ट्रॉली बैग खोला तो उसमें रखे जेवर और नकदी गायब मिले।
रिपोर्ट के अनुसार बैग से करीब 70 तोला सोने की ज्वेलरी, आधा किलो चांदी के आभूषण और 8 लाख रुपए नकद गायब थे। चोरी हुए सामान की कुल कीमत करीब 1 करोड़ रुपए बताई गई है।
जीआरपी और आरपीएफ खंगाल रही CCTV फुटेज
घटना की जानकारी मिलने के बाद बीकानेर जीआरपी ने 14 सितंबर को मामला दर्ज किया। अब जीआरपी और आरपीएफ की टीमें ट्रेन और संबंधित रेलवे स्टेशनों के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही हैं। पुलिस संदिग्धों से पूछताछ कर चोरी की वारदात का खुलासा करने में जुटी है।




