महाजन में ग्रिट से भरा ट्रक पलटा, नहर में गिरने से बाल-बाल बचा
महाजन। राजमार्ग 62 पर कंवरसेन लिफ्ट नहर की बड़ी पुलिया के पास शुक्रवार सुबह ग्रिट से भरा ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। गनीमत रही कि ट्रक नहर में गिरने से बाल-बाल बच गया। हादसे में चालक को हल्की चोटें आईं। ट्रक पलटने से सड़क पर दूर-दूर तक ग्रिट बिखर गई।
बीकानेर से सूरतगढ़ जा रहा था ट्रक
जानकारी के अनुसार ट्रक बीकानेर से ग्रिट भरकर सूरतगढ़ की ओर जा रहा था। महाजन कस्बे में शिव मंदिर की पुलिया के पास पहुंचने पर ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। बताया जा रहा है कि सड़क के किनारे बरम नहीं होने के कारण चालक को वाहन संभालने में परेशानी हुई।
हादसे के दौरान ट्रक कुछ दूरी और आगे खिसकता तो कंवरसेन लिफ्ट नहर में गिर सकता था। इससे बड़ा हादसा हो सकता था।
एक दिन पहले भी हुआ था हादसा
घटनास्थल पर मौजूद राहगीरों के अनुसार गुरुवार रात भी यहां एक हादसा हुआ था, जिसमें नहर की पुलिया क्षतिग्रस्त हो गई थी। पुलिया क्षतिग्रस्त होने के बाद सड़क पर वाहनों के निकलने के लिए पर्याप्त जगह नहीं बची थी। इसी दौरान सड़क किनारे बरम नहीं होने से ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया।
ग्रामीणों ने विभाग पर लगाए लापरवाही के आरोप
ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क निर्माण विभाग की लापरवाही के चलते सड़क किनारे बरम टूट गया है। पुलिया क्षतिग्रस्त होने और बरम नहीं होने से यहां हादसे का खतरा बढ़ गया है।
ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से क्षतिग्रस्त पुलिया की जल्द मरम्मत कराने के साथ सड़क किनारे बरम बनवाने की मांग की है, ताकि भविष्य में हादसों को रोका जा सके।




