आधी रात एक्सप्रेस-वे पर मौत का मंजर! खड़े ट्रक में घुसा कंटेनर, केबिन में फंसे चालक ने तोड़ा दम
महाजन: जामनगर एक्सप्रेस-वे पर शुक्रवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। सड़क किनारे खड़े एक खराब ट्रक के पीछे तेज रफ्तार कंटेनर जा भिड़ा। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कंटेनर का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक केबिन में बुरी तरह फंस गया।
एक घंटे की मशक्कत के बाद निकाला बाहर
जानकारी के अनुसार शेरपुरा के पास एक ट्रक खराब होने के कारण सड़क किनारे खड़ा था। इसी दौरान बीकानेर की ओर से आ रहा कंटेनर उसके पीछे जा टकराया। हादसे की सूचना मिलते ही महाजन थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस और स्थानीय लोगों ने करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद चालक को केबिन से बाहर निकाला।
पीबीएम रेफर, इलाज के दौरान मौत
गंभीर रूप से घायल चालक को प्राथमिक उपचार के बाद बीकानेर के पीबीएम अस्पताल रेफर किया गया, जहां शनिवार सुबह इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
कुछ देर तक लगा लंबा जाम
हादसे के कारण भारतमाला (जामनगर) एक्सप्रेस-वे पर कुछ समय के लिए लंबा जाम लग गया। बाद में पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात सुचारू कराया।
पुलिस कर रही आगे की कार्रवाई
पुलिस के अनुसार मृतक के परिजनों के पहुंचने के बाद पोस्टमार्टम सहित आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। हादसे के कारणों की भी जांच की जा रही है।




