बीकानेर: छह वर्षीय बेटी के साथ विवाहिता लापता, परिजनों ने दर्ज कराई गुमशुदगी
श्रीडूंगरगढ़। श्रीडूंगरगढ़ थाना क्षेत्र के आड़सर बास इलाके से एक विवाहिता अपनी छह वर्षीय बेटी के साथ संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई। काफी तलाश के बावजूद दोनों का कोई सुराग नहीं मिलने पर सास ने पुलिस थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई है।
पुलिस के अनुसार आड़सर बास निवासी संतोष देवी ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसका बेटा अपनी पत्नी और बच्चों के साथ आड़सर बास में अलग रहता है। 2 जुलाई की दोपहर करीब 4 बजे जब वह अपने बेटे के घर पहुंची तो पुत्रवधू और छह वर्षीय पोती घर पर नहीं मिलीं।
परिवादिया ने बताया कि आसपास के लोगों, बहू के पीहर तथा अन्य रिश्तेदारों के यहां काफी तलाश की गई, लेकिन दोनों के संबंध में कोई जानकारी नहीं मिल सकी। इसके बाद उन्होंने पुलिस से बहू और पोती की तलाश करने की गुहार लगाई।
श्रीडूंगरगढ़ थाना पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रकरण की जांच एएसआई आवड़दान को सौंपी गई है। पुलिस दोनों की तलाश में जुटी हुई है।




