मेघासर में CM भजनलाल की जनसभा से पहले प्रशासन अलर्ट, तैयारियों को लेकर बड़ी बैठक

11 Aug 2026 BIKANER
Advertisement

बीकानेर: मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के 14 अगस्त 2026 को मेघासर में प्रस्तावित मूर्ति अनावरण एवं जनसभा कार्यक्रम को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को देखते हुए मंगलवार को जिला परिषद में मुख्य कार्यकारी अधिकारी शैलजा पांडे ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की।

बैठक में कोलायत विधायक अंशुमान सिंह भाटी, श्याम पंचारिया, अतिरिक्त जिला कलेक्टर उम्मेद सिंह रतनू, उपखंड अधिकारी बीकानेर आईएएस महिमा कसाना, प्रादेशिक परिवहन अधिकारी अनिल पंड्या, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पुखराज साध, महिला एवं बाल विकास विभाग के उपनिदेशक डॉ. नरेंद्र शेखावत सहित पीएचईडी, पुलिस, नगरीय निकाय, शिक्षा एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

आमजन की सुविधा पर रहेगा फोकस

सीईओ जिला परिषद शैलजा पांडे ने कार्यक्रम में आने वाले आमजन की सुविधा और आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर विभागवार तैयारियों की जानकारी ली। गर्मी को देखते हुए उन्होंने कार्यक्रम स्थल एवं आसपास पीने के पानी की पर्याप्त और पुख्ता व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इसके साथ ही कार्यक्रम स्थल पर हवा, मोबाइल टॉयलेट, पार्किंग, साफ-सफाई और यातायात प्रबंधन सहित अन्य जरूरी व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।

विधायक अंशुमान सिंह भाटी ने भी ली तैयारियों की जानकारी

कोलायत विधायक अंशुमान सिंह भाटी ने कार्यक्रम की व्यवस्थाओं को लेकर अधिकारियों से जानकारी ली। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम में आने वाले आमजन को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए सभी आवश्यक इंतजाम समय पर सुनिश्चित किए जाएं।

बैठक में संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करते हुए तैयारियां समयबद्ध रूप से पूरी करने के निर्देश दिए गए। प्रशासन की ओर से कार्यक्रम को सुव्यवस्थित और सफल बनाने के लिए तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

सुरक्षा से लेकर चिकित्सा और पार्किंग तक व्यवस्था

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के प्रस्तावित मेघासर दौरे को देखते हुए प्रशासन द्वारा सुरक्षा, यातायात, पेयजल, चिकित्सा, स्वच्छता, पार्किंग और अन्य जनसुविधाओं से संबंधित व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। 14 अगस्त को होने वाले कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए विभागों को पूरी तैयारी के साथ व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

Share: