श्रीडूंगरगढ़. श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र के गांव मोमासर की रोही में बुधवार सुबह खेत में लगी करंट वाली तार की चपेट में आने से एक विवाहिता की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद मृतका के पति ने पड़ोसी खेत मालिक के खिलाफ लापरवाही का मामला दर्ज कराया है।
पुलिस के अनुसार, मृतका के पति ताराचंद पुत्र नोरताराम मेघवाल ने रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया कि मोमासर की रोही में उसके पिता का खेत है। इसके पूर्वी दिशा में स्थित खेत, जो उनके पिता ने पांच बीघा भूमि काश्त पर लूणाराम पुत्र भैराराम भामूं को दे रखी है, वहां आरोपी ने झटका मशीन लगाकर तारों में करंट प्रवाहित कर रखा था।
परिवादी का आरोप है कि आरोपी कई बार इन तारों को सीधे ट्रांसफार्मर से जोड़कर करंट चालू कर देता था। बुधवार सुबह करीब 6:30 बजे उसकी 30 वर्षीय पत्नी सीलूदेवी खेत की सींव पर कृषि कार्य कर रही थी, तभी वह करंट वाली तार की चपेट में आ गई।
चीख-पुकार सुनकर ताराचंद, उसके पिता और सांवरमल मेघवाल मौके पर पहुंचे तथा आरोपी को तार हटाने के लिए आवाज लगाई। आरोप है कि आरोपी ने अपने बेटे को बुलाकर तार हटवाया, लेकिन तब तक सीलूदेवी की मौके पर ही मौत हो चुकी थी।
परिवादी ने बताया कि पहले भी कई बार आरोपी को करंट वाली तार हटाने और इस तरह का खतरनाक कनेक्शन नहीं लगाने के लिए कहा गया था, लेकिन उसने चेतावनी पर ध्यान नहीं दिया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच एएसआई भगवानराम को सौंपी गई है। वहीं हैड कांस्टेबल गणेशा राम ने पोस्टमार्टम की कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सुपुर्द कर दिया।




