नापासर चुनाव में कांग्रेस को बड़ा झटका, 25 में से अब सिर्फ 20 वार्डों में मुकाबला
नापासर। नापासर नगर पालिका चुनाव में नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के साथ ही कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है। पार्टी ने शुरुआत में 25 में से 24 वार्डों में प्रत्याशी उतारे थे, लेकिन नामांकन जांच और नाम वापसी के बाद अब कांग्रेस के उम्मीदवार केवल 20 वार्डों में ही चुनाव मैदान में रह गए हैं।
जांच में दो नामांकन खारिज
नामांकन जांच के दौरान कांग्रेस के वार्ड नंबर 23 से पूर्व चेयरमैन प्रतिनिधि रतीराम तावनिया और वार्ड नंबर 20 से महादेवमाली का नामांकन पत्र खारिज हो गया था। इसके बाद कांग्रेस के 22 वार्डों में प्रत्याशी मैदान में रह गए थे।
दो और प्रत्याशियों ने वापस लिए पर्चे
नाम वापसी के दो दिनों के दौरान कांग्रेस के दो और प्रत्याशियों ने अपने नामांकन वापस ले लिए। बुधवार को वार्ड नंबर 24 से अशोक कुमार सुथार ने नाम वापस लिया, जबकि गुरुवार को नाम वापसी के आखिरी दिन वार्ड नंबर 19 से शिव शंकर ओझा ने भी अपना नामांकन वापस ले लिया।
इस तरह 22 में से दो प्रत्याशियों के नाम वापस होने के बाद अब कांग्रेस केवल 20 वार्डों में चुनाव लड़ेगी।
आखिरी दिन 14 प्रत्याशियों ने नाम वापस लिए
नाम वापसी के अंतिम दिन गुरुवार को कुल 14 प्रत्याशियों ने अपने नामांकन वापस लिए। इनमें कांग्रेस के शिव शंकर ओझा के अलावा 13 निर्दलीय प्रत्याशी शामिल हैं। दो दिनों में कुल 16 नामांकन वापस लिए गए हैं।
125 नामांकन से अब 103 प्रत्याशी मैदान में
नापासर नगर पालिका के 25 वार्डों के चुनाव के लिए कुल 125 नामांकन दाखिल हुए थे। नामांकन पत्रों की जांच के दौरान 6 नामांकन खारिज होने के बाद 119 प्रत्याशी मैदान में बचे थे। इसके बाद नाम वापसी के पहले दिन 2 और अंतिम दिन 14 नामांकन वापस लिए गए। अब कुल 103 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं।
भाजपा सभी 25 वार्डों में मैदान में
चुनावी मुकाबले में भाजपा सभी 25 वार्डों में प्रत्याशी उतार रही है, जबकि कांग्रेस के उम्मीदवार अब केवल 20 वार्डों में मैदान में हैं। आरएलपी 6 वार्डों में चुनाव लड़ रही है। इसके अलावा 52 निर्दलीय प्रत्याशी भी चुनाव मैदान में हैं। ऐसे में कई वार्डों में मुकाबला रोचक और त्रिकोणीय होने के आसार हैं।
दो भाजपा प्रत्याशियों का निर्विरोध चुना जाना तय
नाम वापसी के बाद भाजपा के वार्ड नंबर 20 से किशन देया और वार्ड नंबर 24 से राम रतन सुथार का निर्विरोध निर्वाचन तय माना जा रहा है। हालांकि इसकी आधिकारिक घोषणा अभी नहीं की गई है। दोनों प्रत्याशियों को शुक्रवार को निर्वाचित प्रमाण पत्र दिए जाने की बात कही गई है।
शुक्रवार को मिलेंगे चुनाव चिन्ह
नापासर नगर पालिका चुनाव की आरओ सुमन शर्मा और एआरओ आकांक्षा ने बताया कि शुक्रवार को सभी प्रत्याशियों को चुनाव चिन्ह वितरित किए जाएंगे। इसके साथ ही चुनावी तस्वीर और स्पष्ट हो जाएगी।
नापासर में अब भाजपा जहां सभी 25 वार्डों में मुकाबले में है, वहीं कांग्रेस के 20 वार्डों तक सिमटने से चुनावी समीकरण बदल गए हैं। निर्दलीय और आरएलपी प्रत्याशियों की मौजूदगी से कई वार्डों में मुकाबला दिलचस्प होने की संभावना है।





