नागौर-बीकानेर हाईवे पर ट्रेलर ने बाइक को कुचला, दो युवकों की मौत

22 Sep 2026 BIKANER
Advertisement

नागौर-बीकानेर हाईवे पर ट्रेलर ने बाइक को कुचला, दो युवकों की मौत; 200 फीट घसीटी बाइक

बीकानेर। नागौर-बीकानेर राष्ट्रीय राजमार्ग-62 पर अलाय से बीकानेर की ओर कालानाडा के पास सोमवार शाम करीब साढ़े 7 बजे दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। कोयले से भरे ट्रेलर ने मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर के बाद ट्रेलर बाइक को करीब 200 फीट तक घसीटता हुआ ले गया।

पुलिस के अनुसार, ट्रेलर बीकानेर से नागौर की ओर जा रहा था। कालानाडा के पास ट्रेलर ने मोटरसाइकिल को अपनी चपेट में ले लिया। हादसा इतना भीषण था कि बाइक सवार दोनों युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। मृतकों की पहचान बीकानेर जिले के मालियाणा निवासी महावीर पुत्र कोजाराम जाट और बुद्धाराम पुत्र चेनाराम जाट के रूप में हुई है।

हादसे के बाद ट्रेलर चालक नीचे कूदकर अपनी जान बचाने में सफल रहा। दुर्घटना की सूचना मिलते ही गोगेलाव टोल की एम्बुलेंस टीम मौके पर पहुंची। दोनों मृतकों के शव नागौर के जेएलएन अस्पताल की मोर्चरी में रखवाए गए हैं। पुलिस ने परिजनों को हादसे की सूचना देकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

हादसे के बाद ट्रेलर में लगी आग

हादसे के कुछ देर बाद कोयले से भरे ट्रेलर में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते ट्रेलर के टायरों और आगे के हिस्से में आग की लपटें उठने लगीं। आग विकराल होने से हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई और यातायात भी प्रभावित हुआ।

सूचना मिलने पर नागौर नगर परिषद के अग्निशमन विभाग की दो दमकलें मौके पर पहुंचीं। इसके अलावा नोखा से भी एक दमकल टीम को बुलाया गया। दमकलकर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

आग बुझाने की कार्रवाई में सहदेव, साहिल, विक्रम सिंह, सम्पतराम, जितेंद्र, आरिफ, कैलाश और रामनिवास सहित अग्निशमन विभाग के कार्मिकों ने सहयोग किया।

Share: