बीकानेर। अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन नीलकंठ के तहत नाल पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 6 किलो 538 ग्राम अवैध डोडा पोस्त चूरा बरामद किया है। पुलिस ने मामले में पंजाब निवासी एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई आईजी बीकानेर रेंज ओमप्रकाश एवं एसपी मृदुल कच्छावा के निर्देशन में की गई। एडीएसपी चक्रवर्ती सिंह तथा सीओ हिमांशु शर्मा के सुपरविजन में नाल थाना प्रभारी विकास विश्नोई के नेतृत्व में पुलिस टीम ने नाकाबंदी के दौरान कार्रवाई की।
नाकाबंदी के दौरान पुलिस ने संदिग्ध गतिविधि के आधार पर गुरुसेवक सिंह निवासी भटिंडा, पंजाब को पकड़ा। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 6 किलो 538 ग्राम अवैध डोडा पोस्त चूरा बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी मादक पदार्थ कहां से लेकर आया था और इसे किस स्थान पर सप्लाई किया जाना था।
पुलिस के मुताबिक नाल थाना क्षेत्र में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ एक माह के भीतर यह छठी कार्रवाई है। लगातार हो रही पुलिस कार्रवाई से नशे के कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मचा हुआ है।
इस कार्रवाई में एएसआई सुभाष, एएसआई जय सिंह, एएसआई मेनपाल, एएसआई सहीराम, हेड कांस्टेबल जगदीश, कांस्टेबल पवन तथा चालक मांगीलाल शामिल रहे।




