गजनेर में पति और जेठानी पर मारपीट व दहेज प्रताड़ना का आरोप, महिला ने स्प्रे पीकर जान देने का किया प्रयास
गजनेर। गजनेर थाना क्षेत्र के खारीचारणान गांव निवासी एक महिला ने अपने पति और जेठानी के खिलाफ तंग-परेशान करने, मारपीट और दहेज की मांग करने का आरोप लगाते हुए मामला दर्ज कराया है। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार खारीचारणान निवासी सुमन देवी मेघवाल ने रिपोर्ट में बताया कि करीब 17 वर्ष पूर्व उसकी शादी रणधीसर निवासी प्रेमाराम मेघवाल के साथ हुई थी। वर्तमान में उसके तीन पुत्र हैं।
महिला ने आरोप लगाया कि उसका पति प्रेमाराम मेघवाल और उसकी जेठानी एकराय होकर उसे तथा उसके बच्चों को परेशान करते थे। रिपोर्ट में मारपीट करने और दहेज की मांग करने के भी आरोप लगाए गए हैं। महिला का कहना है कि लगातार प्रताड़ना के कारण वह मानसिक रूप से परेशान हो गई।
रिपोर्ट के अनुसार, मानसिक परेशानी के चलते महिला ने कथित तौर पर जान देने की नीयत से स्प्रे पीने का प्रयास किया। इससे उसकी तबीयत बिगड़ गई। परिजन उसे उपचार के लिए पहले बीकानेर के पीबीएम अस्पताल और बाद में जोधपुर एम्स लेकर गए, जहां उसका इलाज कराया गया। वर्तमान में महिला का पीहर में उपचार चल रहा है।




