विवाहिता से मारपीट का आरोप, बेहोश होने के बाद जेवर उतारने की भी शिकायत

28 Sep 2026 BIKANER
Advertisement

नापासर में विवाहिता से मारपीट का आरोप, बेहोश होने के बाद जेवर उतारने की भी शिकायत

बीकानेर। नापासर थाना क्षेत्र में एक विवाहिता के साथ मारपीट और प्रताड़ना का मामला सामने आया है। पीड़िता की रिपोर्ट पर पुलिस ने पति, सास, ननद और देवर के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। रिपोर्ट दर्ज करने से पहले महिला का मेडिकल भी कराया गया, जिसमें शरीर पर चोट के निशान पाए गए।

Advertisement

पुलिस के अनुसार चूरू जिले के सरदारशहर थाना क्षेत्र के सोमासर निवासी 26 वर्षीय मंजू देवी वर्तमान में नापासर थाना क्षेत्र के रुणिया बड़ा बास स्थित ससुराल में रहती है। रविवार को वह अपने भाई निराणाराम के साथ नापासर थाने पहुंची और लिखित रिपोर्ट दी। मेडिकल जांच में उसकी दाहिनी आंख के नीचे नीले निशान, बाईं आंख के अंदर लाल निशान, आंख के ऊपर और नीचे चोट के निशान तथा दोनों कंधों में दर्द पाया गया।

शादी के एक साल बाद से मारपीट का आरोप

मंजू देवी ने पुलिस को बताया कि उसकी शादी वर्ष 2021 में रुणिया बड़ा बास निवासी महेन्द्र कुमार नायक से हुई थी। आरोप है कि शादी के करीब एक वर्ष बाद से ही पति और ससुराल पक्ष के अन्य सदस्य उसके साथ मारपीट करने लगे। पीड़िता के अनुसार, उसके पीहर पक्ष ने कई बार समझाइश की, लेकिन इसके बावजूद कथित प्रताड़ना बंद नहीं हुई।

बेहोश होने तक मारपीट का आरोप

रिपोर्ट के अनुसार 21 सितंबर की रात करीब 1 बजे महिला के साथ गंभीर मारपीट की गई, जिससे वह बेहोश हो गई। महिला का आरोप है कि बेहोशी की हालत में उसके शरीर से सोने का मंगलसूत्र, कानों की बालियां, हाथों की सोने की चूड़ियां और पैरों की पाजेब उतार ली गईं। इसके बाद सभी लोग उसे वहीं छोड़कर चले गए।

महिला के अनुसार सुबह होश में आने के बाद उसने अपने पीहर पक्ष को सूचना दी। इसके बाद परिजन उसे सोमासर ले गए।

पति समेत चार पर मामला दर्ज

पीड़िता ने पति महेन्द्र कुमार, सास विध्या देवी, ननद छोटू और देवर लालचंद पर मारपीट, गाली-गलौज और लगातार प्रताड़ित करने के आरोप लगाए हैं। उसका कहना है कि ससुराल पक्ष की ओर से आए दिन मारपीट की जाती है।

नापासर पुलिस ने पीड़िता की रिपोर्ट और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर पति व ससुराल पक्ष के आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच एएसआई धर्मचंद मीणा कर रहे हैं। लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही होगी।

Advertisement
Share: