नापासर। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन नीलकंठ के तहत नापासर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए हैमेरा गांव से एक आरोपी को 4 ग्राम एमडी के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
हैमेरा में दबिश देकर आरोपी को पकड़ा
जिला पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा के निर्देशन में चल रहे अभियान के तहत नापासर थानाधिकारी कविता पुनिया के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर हैमेरा गांव में दबिश दी। पुलिस ने मौके से बजरंगलाल मुंड को पकड़ा।
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 4 ग्राम एमडी मादक पदार्थ बरामद किया गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
खरीद-फरोख्त और सप्लाई को लेकर पूछताछ
पुलिस आरोपी से बरामद एमडी के स्रोत और इसकी खरीद-फरोख्त के संबंध में पूछताछ कर रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि मादक पदार्थ कहां से लाया गया था और इसकी सप्लाई कहां की जानी थी।
पुलिस टीम में ये रहे शामिल
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में थानाधिकारी कविता पुनिया के साथ कांस्टेबल सुरेंद्र बाना, गोरखाराम, गोगराज और सीताराम शामिल रहे।
नापासर पुलिस के अनुसार नशे के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और मादक पदार्थों की तस्करी एवं अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।






