ऑपरेशन नीलकंठ का बड़ा वार! तीसरे दिन 433 ग्राम अफीम के साथ दो तस्कर गिरफ्तार

18 Jul 2026 BIKANER
Advertisement

ऑपरेशन नीलकंठ का बड़ा वार! तीसरे दिन 433 ग्राम अफीम के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, नशा माफिया में मचा हड़कंप

नापासर. नापासर थाना पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के कारोबार के खिलाफ लगातार तीसरे दिन बड़ी कार्रवाई करते हुए भारतमाला सड़क पर नौरंगदेसर रोही टोल नाके के पास से 433 ग्राम अफीम के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। थानाधिकारी कविता पुनिया के कार्यभार संभालने के कुछ ही दिनों में एनडीपीएस एक्ट के तहत लगातार तीसरी बड़ी कार्रवाई से क्षेत्र में सक्रिय नशा तस्करों में हड़कंप मच गया है।

थानाधिकारी कविता पुनिया ने बताया कि 12 जुलाई को कार्यभार ग्रहण करने के बाद से ही जिला पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा के निर्देशन में चलाए जा रहे ऑपरेशन नीलकंठ के तहत नशे के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि युवाओं का भविष्य बर्बाद करने वाले नशा तस्करों के खिलाफ पुलिस जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है और किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।

पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) चक्रवर्ती सिंह तथा गंगाशहर वृत्ताधिकारी हिमांशु शर्मा के सुपरविजन में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए जोगाराम बिश्नोई निवासी जोधपुर और कपिल बिश्नोई निवासी लूणकरणसर को 433 ग्राम अफीम के साथ गिरफ्तार किया।

थानाधिकारी ने बताया कि इस कार्रवाई में कांस्टेबल प्रदीप कुमार की विशेष भूमिका रही। टीम में हेड कांस्टेबल सुरजाराम, कांस्टेबल गोगराज तथा कांस्टेबल सीताराम ने भी महत्वपूर्ण योगदान दिया।

गौरतलब है कि इससे पहले गुरुवार को एमडी और अफीम तथा शुक्रवार को एमडी बरामदगी के मामलों में कुल चार आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। लगातार तीन दिनों में हुई इन प्रभावी कार्रवाइयों से क्षेत्र में नशा तस्करों में भय का माहौल है, वहीं आमजन पुलिस की इस मुहिम की सराहना कर रहे हैं।

Share: