मानवता हुई शर्मसार - रणजीतपुरा की झाड़ियों में मिला लावारिस नवजात

17 Jul 2026 BIKANER
Advertisement

झाड़ियों में मिला नवजात, रोने की आवाज सुन ग्रामीणों ने बचाई जान

बज्जू. बज्जू क्षेत्र के रणजीतपुरा गांव में मानवता को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। गांव के पास स्थित खंडहरनुमा क्षेत्र की झाड़ियों में एक नवजात शिशु लावारिस हालत में मिला। जन्म के कुछ ही घंटों के मासूम को झाड़ियों में छोड़ दिया गया था।

ग्रामीणों ने बताया कि झाड़ियों से नवजात के रोने की आवाज सुनाई दी। मौके पर पहुंचकर उन्होंने मासूम को सुरक्षित बाहर निकाला और तुरंत पुलिस तथा स्वास्थ्य विभाग को सूचना दी।

सूचना मिलते ही रणजीतपुरा पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची। उप स्वास्थ्य केंद्र की नर्स ने नवजात को अपने संरक्षण में लेकर प्राथमिक उपचार किया और उसे सरकारी अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उसका उपचार जारी है। डॉक्टरों के अनुसार फिलहाल नवजात की हालत स्थिर है।

रणजीतपुरा थानाधिकारी जगदीश सिंह शेखावत ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और नवजात को सुरक्षित अस्पताल भिजवाया गया। मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि नवजात किसका है और उसे झाड़ियों में कौन छोड़कर गया।

घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं समय रहते ग्रामीणों की सतर्कता से नवजात की जान बच गई, जिसकी क्षेत्रभर में सराहना हो रही है।

Share: