19 वर्षीय युवती लापता, शादी के लिए रखे 1.90 लाख रुपए भी गायब

09 Oct 2026 BIKANER
Advertisement

नोखा में 19 वर्षीय युवती लापता, शादी के लिए रखे 1.90 लाख रुपए भी गायब

नोखा। नोखा थाना क्षेत्र के चरकड़ा गांव की सुथारों की ढाणियों से 19 वर्षीय युवती के लापता होने का मामला सामने आया है। युवती के पिता ने एक युवक पर बेटी को बहला-फुसलाकर और डराकर अपने साथ ले जाने का आरोप लगाया है। परिजनों के अनुसार, घर में बेटी की शादी के लिए रखे 1 लाख 90 हजार रुपए भी गायब मिले हैं। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Advertisement

युवती के पिता ने पुलिस को बताया कि 6 अक्टूबर को दोपहर करीब 3 बजे परिवार के सभी सदस्य अपनी ढाणी में मौजूद थे। इसी दौरान उनकी 19 वर्षीय बेटी पार्सल का सामान लाने की बात कहकर घर से निकली थी। शाम तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने आसपास और रिश्तेदारों के यहां तलाश की, लेकिन युवती का कोई सुराग नहीं मिला।

नागौर रोड पर सड़क किनारे मिला मोबाइल

परिजनों ने युवती के मोबाइल नंबर पर संपर्क करने की कोशिश की तो उसका मोबाइल नागौर रोड पर सड़क किनारे पड़ा मिला। इसके बाद घर में रखे सामान की जांच की गई तो अलमारी में रखे 1 लाख 90 हजार रुपए भी गायब मिले। युवती के पिता के अनुसार, यह रकम उन्होंने बेटी की शादी के लिए घर में रखी थी।

नागौर जिले के युवक पर लगाया आरोप

युवती के पिता ने अपनी रिपोर्ट में कुलदीप चारण निवासी श्रीबालाजी, तहसील व जिला नागौर पर बेटी को बहला-फुसलाकर और डराकर अपने साथ ले जाने का आरोप लगाया है। पिता ने बेटी के साथ अनहोनी होने की आशंका जताते हुए पुलिस से उसकी तलाश करने की मांग की है।

रिपोर्ट के अनुसार, युवती के परिजन गांव के कुछ मौजिज लोगों के साथ कुलदीप के घर भी गए थे। वहां कुलदीप के पिता ने बताया कि वह 6 अक्टूबर को मोटरसाइकिल लेकर घर से निकला था और उसका मोबाइल फोन भी बंद आ रहा है।

पुलिस ने मामला दर्ज कर शुरू की जांच

युवती के पिता ने नोखा थाने में रिपोर्ट देकर बेटी की तलाश करने और मामले में कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच हेड कांस्टेबल अक्षय कुमार को सौंपी गई है। पुलिस युवती की तलाश और मामले से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है।

Advertisement
Share: