नोखा में प्रसाद देने के बहाने बच्ची के गले से 2 सोने के लॉकेट उड़ाए, CCTV में कैद हुई वारदात

23 Jul 2026 BIKANER
Advertisement

नोखा. नोखा कस्बे में बुधवार शाम एक शातिर बदमाश ने प्रसाद देने का झांसा देकर गली में खेल रही मासूम बच्ची के गले से सोने के दो लॉकेट चोरी कर लिए। पूरी वारदात पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसके बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस अब फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश में जुटी है।

बच्चों से बातचीत कर बनाया मौका

जानकारी के अनुसार जोरावरपुरा मोहल्ले में एक ही परिवार के चार बच्चे साइकिल चलाते हुए खेल रहे थे। इसी दौरान गमछा लिए एक युवक वहां पहुंचा और बच्चों से बातचीत करने लगा। कुछ देर बाद तीन बच्चे आगे निकल गए, जबकि एक छोटी बच्ची पीछे रह गई।

साइकिल संभालने के बहाने की चोरी

आरोप है कि युवक ने बच्ची की साइकिल को धक्का देकर मदद करने का नाटक किया और इसी दौरान मौका पाकर उसके गले में पहने सोने के दो लॉकेट निकाल लिए। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी उसी रास्ते से फरार हो गया, जहां से आया था।

सीसीटीवी में कैद हुई पूरी घटना

घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। फुटेज में आरोपी बच्चों के पास आते, उनसे बातचीत करते और बच्ची के गले से लॉकेट निकालकर फरार होते हुए दिखाई दे रहा है।

पुलिस ने शुरू की जांच

इस संबंध में जोरावरपुरा निवासी बाबूलाल चांडक ने नोखा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि उनकी बेटी सोमिया चांडक दोपहर करीब 2 बजे अन्य बच्चों के साथ साइकिल चला रही थी, तभी एक अज्ञात युवक उसके गले से सोने के दो लॉकेट निकालकर फरार हो गया। सूचना मिलने पर नोखा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान करने का प्रयास कर रही है।

Share: