फोन कर बुलाया, फिर नशीला स्प्रे... युवती का अपहरण कर कई दिनों तक दुष्कर्म का आरोप
बीकानेर: नोखा थाना क्षेत्र की एक युवती ने अपहरण, दुष्कर्म और धमकी देने का गंभीर मामला दर्ज कराया है। पीड़िता की रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जरूरी बात कहकर बुलाया, फिर कार में बैठाकर ले गया
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि 27 जून की दोपहर करीब 3 बजे दिनेश नायक निवासी श्रीबालाजी ने उसे फोन कर जरूरी बात करने के बहाने नोखा स्थित राठी स्कूल के पास बुलाया। वहां आरोपी कार लेकर खड़ा था और जल्दबाजी में उसे अपने साथ बैठाकर नागौर की ओर ले गया।
नशीला स्प्रे करने का आरोप
रिपोर्ट के अनुसार रास्ते में युवती ने जब गंतव्य के बारे में पूछा तो आरोपी ने कथित रूप से उस पर नशीले पदार्थ का स्प्रे कर दिया, जिससे वह बेहोश हो गई। होश आने पर उसने खुद को कोटा के एक किराए के मकान में बंद पाया।
कई दिनों तक दुष्कर्म करने का आरोप
पीड़िता का आरोप है कि 28 जून से 1 जुलाई के बीच आरोपी ने उसके साथ कई बार जबरदस्ती दुष्कर्म किया और लगातार धमकाता रहा। इसके बाद उसे अन्य स्थानों पर भी ले जाया गया। युवती ने आरोप लगाया कि बीकानेर के रानी बाजार स्थित एक मकान में भी उसके साथ कई बार दुष्कर्म किया गया।
धमकी देकर छोड़ा
रिपोर्ट के अनुसार 7 जुलाई को आरोपी उसे नोखा रेलवे स्टेशन के पास छोड़ गया और किसी को घटना की जानकारी देने पर अश्लील फोटो-वीडियो वायरल करने तथा आत्महत्या करने की धमकी दी।
पुलिस ने शुरू की जांच
नोखा थाना पुलिस ने पीड़िता की रिपोर्ट के आधार पर संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।




