नोखा में चोरों का आतंक! सूने मकान से लाखों के सोने-चांदी के गहने चोरी
नोखा। नोखा थाना क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की वारदातों ने पुलिस की गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। शहर के बाद अब चोरों ने ग्रामीण क्षेत्रों को भी निशाना बनाना शुरू कर दिया है। ताजा मामला हिंयादेसर गांव का है, जहां देर रात सूने मकान का ताला तोड़कर अज्ञात बदमाश लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर फरार हो गए। लगातार हो रही वारदातों से क्षेत्रवासियों में दहशत का माहौल है।
परिवादी मूलाराम महिया ने नोखा थाने में दर्ज रिपोर्ट में बताया कि उनका मकान ज्ञानोदय स्कूल के पास स्थित है। 20 जुलाई की रात परिवार के सभी सदस्य खाना खाने के बाद छत पर सो गए। मंगलवार सुबह नीचे आने पर कमरे का ताला टूटा मिला। अंदर जाकर देखा तो बक्से का ताला भी टूटा हुआ था और सामान बिखरा पड़ा था।
पीड़ित के अनुसार चोर बक्से में रखे करीब पांच तोला सोने की आड़, दो जोड़ी सोने के झुमके (करीब दो तोला), दो तोला का सोने का मंगलसूत्र, एक तोला का सोने का लॉकेट तथा करीब 500 ग्राम चांदी की तीन जोड़ी पाजेब चोरी कर ले गए। वारदात 20 जुलाई रात 11 बजे से 21 जुलाई सुबह 5 बजे के बीच की बताई गई है।
पीड़ित ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर चोरी गए आभूषण बरामद करने की मांग की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गौरतलब है कि बीते कुछ दिनों में नोखा शहर और आसपास के क्षेत्रों में चोरी की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं। बंद मकानों, दुकानों और प्रतिष्ठानों को लगातार निशाना बनाया जा रहा है, लेकिन अधिकांश मामलों का अब तक खुलासा नहीं हो पाया है। स्थानीय लोगों ने पुलिस से रात्रि गश्त बढ़ाने और चोरों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है।




