नोखा बाजार को जाम मुक्त बनाने की तैयारी, अतिक्रमण नहीं हटाया तो होगी कार्रवाई
नोखा। नोखा उपखंड मुख्यालय के मुख्य बाजारों में बढ़ती यातायात अव्यवस्था और अतिक्रमण की समस्या के स्थायी समाधान के लिए पुलिस और प्रशासन ने संयुक्त अभियान की तैयारी शुरू कर दी है। थाना परिसर में आयोजित बैठक में व्यापार मंडल और विभिन्न व्यापारियों के साथ बाजार व्यवस्था सुधार को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
थानाधिकारी गोविंद सिंह चारण ने कहा कि कई व्यापारी और उनके कर्मचारी सुबह से रात तक अपने वाहन बाजार में ही खड़े रखते हैं, जिससे पार्किंग की समस्या और जाम की स्थिति गंभीर हो जाती है। उन्होंने बाजार से बाहर अलग पार्किंग विकसित करने का सुझाव दिया तथा आवश्यकता पड़ने पर चौकीदार और टोकन व्यवस्था लागू करने की बात कही।
बैठक में व्यापारियों ने भी स्वीकार किया कि दुकानों के आगे बढ़ते अतिक्रमण के कारण सड़कें संकरी हो रही हैं और यातायात प्रभावित हो रहा है। पुलिस ने व्यापारियों से स्वेच्छा से अतिक्रमण हटाने की अपील करते हुए स्पष्ट किया कि निर्धारित समय के बाद भी अतिक्रमण नहीं हटाने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
वृत्ताधिकारी जरनैल सिंह ने बताया कि उपखंड अधिकारी की अध्यक्षता में हुई सतर्कता समिति की बैठक में भी बाजारों की बदहाल यातायात व्यवस्था पर गंभीर चर्चा हुई थी। अब पुलिस, प्रशासन और नगर पालिका मिलकर स्थायी समाधान की दिशा में कार्य करेंगे।
प्रशासन जल्द ही व्यापार मंडल की विस्तृत बैठक बुलाएगा, जिसमें विभिन्न व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधियों से सुझाव लेकर पार्किंग, अतिक्रमण और यातायात प्रबंधन का स्थायी रोडमैप तैयार किया जाएगा।
बैठक के अंत में व्यापारियों ने पुलिस और प्रशासन को पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाया। इस दौरान पुलिस ने सरकारी परिसर में बाधा बन रही एक कार को भी जब्त किया।




