नोखा पालिकाध्यक्ष बने बजरंग सोनी, भाजपा प्रत्याशी को 19 वोट से हराया

21 Sep 2026 BIKANER
Advertisement

नोखा पालिकाध्यक्ष बने बजरंग सोनी, भाजपा प्रत्याशी को 19 वोट से हराया

नोखा। नोखा नगर पालिका अध्यक्ष पद के चुनाव में विकास मंच के बजरंग सोनी ने जीत दर्ज की है। बजरंग सोनी ने भाजपा प्रत्याशी दिनेश सुथार को 19 वोट से हराकर अध्यक्ष पद अपने नाम किया। उन्हें 32 वोट मिले, जबकि दिनेश सुथार को 13 वोट प्राप्त हुए।

Advertisement

पहली बार मूल ओबीसी वर्ग से अध्यक्ष बनने का दावा

बजरंग सोनी की जीत के साथ विकास मंच ने दावा किया कि वे नोखा नगरपालिका के इतिहास में पहली बार मूल ओबीसी वर्ग से निर्वाचित अध्यक्ष बने हैं। उनकी जीत के बाद स्वर्णकार समाज सहित समर्थकों में उत्साह का माहौल रहा। समाज के प्रबुद्धजनों और समर्थकों ने उन्हें बधाई दी।

तीन निर्दलीय पार्षदों ने विकास मंच को दिया वोट

अध्यक्ष पद के चुनाव में कुल 45 वोट पड़े। बजरंग सोनी को 32 और भाजपा प्रत्याशी दिनेश सुथार को 13 वोट मिले। तीन निर्दलीय पार्षदों ने विकास मंच के पक्ष में मतदान किया।

अध्यक्ष पद के लिए निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में नामांकन दाखिल करने वाले रेवतराम नाई को एक भी वोट नहीं मिला। बताया गया कि रेवतराम नाई स्वयं भाजपा के निर्वाचित पार्षद हैं। उनके खाते में कोई वोट नहीं आने की चर्चा चुनाव के बाद नगरपालिका परिसर में रही।

कन्हैयालाल झंवर बोले- जनता के विश्वास की जीत

विकास मंच सुप्रीमो कन्हैयालाल झंवर और निवर्तमान पालिकाध्यक्ष नारायण झंवर ने बजरंग सोनी की जीत को नोखा की जनता की जीत बताया। उन्होंने कहा कि विकास मंच के प्रति जनता के विश्वास के चलते लगातार पांचवीं बार नगरपालिका में विकास मंच का बोर्ड बना है।

आतिशबाजी कर मनाया जीत का जश्न

बजरंग सोनी के विजयी घोषित होने के बाद विकास मंच के समर्थकों ने आतिशबाजी कर खुशी मनाई और एक-दूसरे का मुंह मीठा कराया। नगरपालिका परिसर के बाहर भी समर्थकों की भीड़ नजर आई। कन्हैयालाल झंवर ने चुनाव में समर्थन देने वाले पार्षदों और कार्यकर्ताओं का आभार जताया।

बजरंग सोनी की जीत के साथ ही नोखा नगर पालिका में नई बोर्ड की राजनीतिक तस्वीर साफ हो गई है। अब नई पालिका के गठन और शहर से जुड़े आगामी विकास कार्यों को लेकर गतिविधियां तेज होने की उम्मीद है।

Advertisement
Share: