Nokha News: फ्रेंचाइजी के नाम पर 18.46 लाख की ठगी! फर्जी अधिकारी बनकर लगाया चूना

20 Jun 2026 BIKANER
Advertisement

Nokha News: फ्रेंचाइजी के नाम पर लाखों की ठगी, 18.46 लाख रुपए गंवाने का मामला दर्ज

नोखा। नोखा थाना क्षेत्र के पींपली चौक निवासी एक व्यक्ति के साथ प्रसिद्ध कंपनी डोमिनोज की फ्रेंचाइजी दिलाने के नाम पर लाखों रुपए की साइबर ठगी का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़ित की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

खुद को कंपनी अधिकारी बताकर किया संपर्क

पीड़ित राजा चांडक ने रिपोर्ट में बताया कि उन्हें नोखा में डोमिनोज की फ्रेंचाइजी खोलनी थी। इसके लिए उन्होंने 17 अप्रैल 2026 को कंपनी की बताई गई ई-मेल आईडी पर संपर्क किया था।

इसके बाद आरोपियों ने ई-मेल के माध्यम से बताया कि उनकी लोकेशन फ्रेंचाइजी के लिए शॉर्टलिस्ट कर ली गई है और दस्तावेज भेजने को कहा गया।

अलग-अलग बहानों से जमा करवाए लाखों रुपए

रिपोर्ट के अनुसार 2 जून को एक व्यक्ति ने खुद को डोमिनोज इंडिया एंड साउथ एशिया का अधिकारी बताते हुए फोन किया। इसके बाद रजिस्ट्रेशन, एनओसी और ब्रांड फीस के नाम पर अलग-अलग खातों में पैसे जमा करवाए गए।

पीड़ित के अनुसार 3 जून को 2 लाख 65 हजार 500 रुपए, 6 जून को 6 लाख 75 हजार रुपए और बाद में 9 लाख 5 हजार 500 रुपए जमा करवाए गए। इस तरह कुल 18 लाख 46 हजार रुपए की राशि ठग ली गई।

मुलाकात का झांसा देकर बंद कर दिए फोन

आरोपियों ने पीड़ित को दिल्ली बुलाया लेकिन ऑडिट का बहाना बनाकर मुलाकात नहीं की। इसके बाद नोखा में साइट इंस्पेक्शन के लिए आने की बात कही, लेकिन कोई नहीं पहुंचा।

18 जून को भी आने का आश्वासन देने के बाद आरोपियों ने मोबाइल फोन बंद कर दिए। इसके बाद पीड़ित को ठगी का एहसास हुआ।

साइबर हेल्पलाइन पर भी की शिकायत

पीड़ित ने मामले की शिकायत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर भी दर्ज करवाई है। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Share: