नोखा में नशे पर बड़ा प्रहार! कार से 145 ग्राम हेरोइन बरामद, 3 गिरफ्तार; कीमत जानकर चौंक जाएंगे
नोखा। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन नीलकंठ के तहत नोखा पुलिस ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए 145 ग्राम हेरोइन बरामद की है। पुलिस ने एनएच-62 पर चरकड़ा क्षेत्र में नाकाबंदी के दौरान एक स्विफ्ट कार को रोककर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। जब्त हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 7 लाख रुपए आंकी गई है। पुलिस ने मादक पदार्थ की तस्करी में इस्तेमाल की जा रही कार को भी जब्त कर लिया है।
एनएच-62 पर नाकाबंदी कर पकड़ी कार
नोखा थानाधिकारी गोविंदसिंह चारण के अनुसार पुलिस को सूचना मिली थी कि नागौर की ओर से एक स्विफ्ट कार में हेरोइन लेकर कुछ युवक नोखा की तरफ आ रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने एलेसियन होटल के पास एनएच-62 पर नाकाबंदी की।
दोपहर करीब 12:35 बजे संदिग्ध स्विफ्ट कार वहां पहुंची। पुलिस को देखकर चालक ने कार को मोड़कर भागने का प्रयास किया, लेकिन पहले से सतर्क पुलिस टीम ने घेराबंदी कर कार को रोक लिया।
तीनों आरोपियों की जेब से मिली हेरोइन
पुलिस ने कार में सवार तीनों युवकों की तलाशी ली। तलाशी के दौरान उनके पास मौजूद जिपर थैलियों से कुल 145 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। इसके बाद पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान श्रवणराम बिश्नोई, लक्ष्मणराम बिश्नोई और श्रीराम भादू के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है।
बारां से हेरोइन खरीदने की बात सामने आई
पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने हेरोइन बारां जिले के रामनगर निवासी दो लोगों से खरीदने की बात बताई है। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि मादक पदार्थ किससे खरीदा गया था और इसे आगे कहां सप्लाई किया जाना था।
जांच एजेंसियां इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही हैं। पुलिस पूछताछ में नशे की तस्करी से जुड़े और भी खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।
कार भी पुलिस ने की जब्त
पुलिस ने हेरोइन परिवहन में इस्तेमाल की जा रही स्विफ्ट कार को भी जब्त कर लिया है। पुलिस अब वाहन और आरोपियों से जुड़े अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है।
इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका
कार्रवाई करने वाली टीम में नोखा थानाधिकारी गोविंदसिंह चारण, एएसआई हरिराम सोनी, साइबर सेल बीकानेर के एएसआई दीपक यादव, कांस्टेबल गणेश गुर्जर, तेजाराम, जेठूसिंह, जयप्रकाश, महेंद्रसिंह, देवेंद्र और सुनील शामिल रहे।
ऑपरेशन नीलकंठ के तहत हुई इस कार्रवाई के बाद पुलिस अब हेरोइन सप्लाई करने वाले नेटवर्क तक पहुंचने की कोशिश में जुटी है।





