नोखा। नाबालिग को बहला-फुसलाकर भगाने और दुष्कर्म के मामले में नोखा पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए आरोपी को हैदराबाद से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अब आरोपी से गहन पूछताछ कर मामले के विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही है।
13 जुलाई को दर्ज हुआ था मामला
थानाधिकारी गोविंद सिंह ने बताया कि 13 जुलाई को पीड़िता के परिजनों ने नोखा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट में आरोप लगाया गया कि उनकी नाबालिग पुत्री को एक युवक बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया। शिकायत के आधार पर नोखा थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
तकनीकी साक्ष्यों से हैदराबाद तक पहुंची पुलिस
मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिर तंत्र और लगातार निगरानी के आधार पर नाबालिग का पता हैदराबाद में लगाया। पुलिस ने नाबालिग को सुरक्षित दस्तयाब करने के बाद आरोपी रामरतन मेघवाल निवासी सूरतसिंहपुरा, थाना नापासर को हैदराबाद से गिरफ्तार कर लिया।
बीएनएस और पॉक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) एवं पॉक्सो एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार किया है। मामले में विस्तृत अनुसंधान जारी है और अन्य तथ्यों की भी जांच की जा रही है।
इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका
इस कार्रवाई में नोखा थानाधिकारी गोविंद सिंह चारण के नेतृत्व में एएसआई श्रवण कुमार, हेड कांस्टेबल रामेश्वरलाल, कांस्टेबल गणेश गुर्जर और महिला कांस्टेबल माया सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।




