बीकानेर में 5 ट्रकों से 49 गोवंश मुक्त, नोखा पुलिस की बड़ी कार्रवाई; 9 आरोपी गिरफ्तार

28 Jul 2026 BIKANER
Advertisement

नोखा। नोखा थाना पुलिस ने सोमवार देर रात गोरक्षकों की सूचना पर बड़ी कार्रवाई करते हुए पारवा टोल नाके से पांच ट्रकों में अवैध रूप से ले जाए जा रहे 49 गोवंश को मुक्त कराया। पुलिस ने मौके से नौ आरोपियों को गिरफ्तार कर पांचों ट्रकों को जब्त कर लिया। बरामद गोवंश को सुरक्षा के लिए श्री गंगा गौशाला, लाहोटी चौक के सुपुर्द कर दिया गया है।

गोरक्षकों की सूचना पर पहुंची पुलिस

पुलिस के अनुसार सोमवार रात करीब दो बजे सूचना मिली कि पारवा टोल नाके पर गोरक्षकों ने गोवंश से भरे पांच ट्रकों को रोक रखा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां गोरक्षक रवि पारीक, सचिन भार्गव सहित अन्य लोग मौजूद मिले। गोरक्षकों के सुझाव पर पुलिस की मौजूदगी में सभी ट्रकों को कार्रवाई के लिए श्री गंगा गौशाला, लाहोटी चौक लाया गया।

पांच ट्रकों से 49 गोवंश बरामद

गौशाला में स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में ट्रकों की तलाशी ली गई। पहले ट्रक से 9 गाय, 1 बछड़ा और 1 बछड़ी, दूसरे ट्रक से 9 गाय, तीसरे ट्रक से 9 गाय और 1 बछड़ा, चौथे ट्रक से 9 गाय तथा पांचवें ट्रक से 9 गाय और 1 बछड़ा बरामद हुआ। इस प्रकार कुल 45 गाय, 3 बछड़े और 1 बछड़ी, यानी 49 गोवंश मुक्त कराए गए।

क्षमता से अधिक भरे गए थे पशु

पुलिस ने बताया कि सभी गोवंश को ट्रकों में क्षमता से अधिक ठूंस-ठूंसकर भरा गया था। जब आरोपियों से गोवंश परिवहन के संबंध में वैध अनुमति, अनुज्ञा पत्र या अन्य दस्तावेज मांगे गए तो वे कोई भी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।

9 आरोपी गिरफ्तार, पांच ट्रक जब्त

पुलिस ने हरबंश सिंह, रमेश कुमार, रोहितास, दिनेश गुर्जर, दर्शनराम, हरिकिशन, जगदीश गुर्जर, संदीप और पीयूष पाटीदार को गिरफ्तार कर लिया। सभी आरोपी पंजाब, राजस्थान और मध्यप्रदेश के निवासी बताए गए हैं। पुलिस ने पांचों ट्रकों को भी जब्त कर लिया है।

इन धाराओं में मामला दर्ज

बरामद गोवंश को श्री गंगा गौशाला के सुपुर्द कर उनका मेडिकल परीक्षण कराया जाएगा। नोखा थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ राजस्थान गोवंशीय पशु (वध का प्रतिषेध एवं अस्थायी प्रव्रजन या निर्यात का विनियमन) अधिनियम, 1995 तथा पशु क्रूरता निवारण अधिनियम, 1960 के तहत मामला दर्ज किया है। मामले की जांच उपनिरीक्षक श्रवण कुमार कर रहे हैं। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि गोवंश को कहां से लाया गया था और किस स्थान पर ले जाया जा रहा था।

Share: