नोखा में दुष्कर्म और ब्लैकमेल का आरोपी गिरफ्तार: हुलिया बदलकर ईंट-भट्ठे पर कर रहा था मजदूरी

01 Jul 2026 BIKANER
Advertisement

नोखा में दुष्कर्म और ब्लैकमेल मामले का फरार आरोपी गिरफ्तार, हुलिया बदलकर छिपा था

नोखा। बीकानेर जिले के नोखा थाना पुलिस ने दुष्कर्म, छेड़छाड़ और अश्लील फोटो-वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने के मामले में फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी पुलिस से बचने के लिए अपना हुलिया बदलकर सीकर जिले के लक्ष्मणगढ़ क्षेत्र में एक ईंट-भट्ठे पर मजदूरी कर रहा था।

होटल में ले जाकर वारदात करने का आरोप

पुलिस के अनुसार पीड़िताओं के पिता ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 29 अप्रैल 2026 को उनकी 25 वर्षीय और 13 वर्षीय बेटियां नोखा रेलवे स्टेशन के पास सामान लेने आई थीं। इसी दौरान आरोपी भंवराराम उनसे मिला और परिचय का भरोसा दिलाकर दोनों को एक होटल में ले गया।

आरोप है कि होटल में आरोपी ने बड़ी बेटी को नशीला पेय पिलाकर उसके साथ दुष्कर्म किया, जबकि छोटी बेटी के साथ छेड़छाड़ की। इस दौरान आरोपी ने अश्लील फोटो और वीडियो भी बना लिए।

वीडियो वायरल करने की धमकी देकर करता रहा ब्लैकमेल

रिपोर्ट में बताया गया कि आरोपी ने फोटो-वीडियो वायरल करने और जान से मारने की धमकी देकर दोनों को चुप रहने के लिए मजबूर किया। इसके बाद आरोपी ने बड़ी बेटी को दोबारा नोखा बुलाकर उसके साथ दुष्कर्म किया और अश्लील सामग्री रिश्तेदारों को भी भेज दी।

घटना के बाद दोनों बहनें मानसिक तनाव में आ गईं। परिजनों की समझाइश के बाद उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

सिविल ड्रेस में पहुंची पुलिस टीम ने दबोचा

मामले की गंभीरता को देखते हुए नोखा थानाधिकारी अरविंद भारद्वाज के नेतृत्व में विशेष टीम बनाई गई। पुलिस ने लगातार आरोपी की तलाश की।

मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम सीकर जिले के लक्ष्मणगढ़ पहुंची, जहां आरोपी एक ईंट-भट्ठे पर मजदूरी कर रहा था। पहचान छिपाने के लिए उसने हुलिया बदल रखा था।

पॉक्सो एक्ट सहित धाराओं में कार्रवाई

पुलिस ने आरोपी भंवराराम निवासी गोन्दुसर, थाना साण्डवा, जिला चूरू को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट, दुष्कर्म और अश्लील सामग्री वायरल करने सहित अन्य धाराओं में कार्रवाई की जा रही है।

फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर पूरे मामले की जांच कर रही है।

Share: