नोखा में महिला से 15 लाख की रंगदारी मांगी, पति को जान से मारने की धमकी; आरोपी पर कई केस
नोखा। नोखा में एक महिला से कथित तौर पर 15 लाख रुपए की रंगदारी मांगने और उसके पति को जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। ग्रीन गैलेक्सी अपार्टमेंट निवासी संगीता सोनी ने नोखा थाने में राकेश बिश्नोई नाम के व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज करवाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
घर पहुंचकर पति के बारे में पूछा
संगीता सोनी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 2 सितंबर 2026 को वह अपने बच्चों के साथ ग्रीन गैलेक्सी अपार्टमेंट के फ्लैट नंबर 402 में बैठी थीं। इसी दौरान फ्लैट के दरवाजे की घंटी बजी। उनकी बेटी ने दरवाजा खोला तो राकेश बिश्नोई बाहर खड़ा था।
संगीता के अनुसार, उन्होंने राकेश से घर आने का कारण पूछा। इस पर उसने उनके पति पुखराज के बारे में पूछा। संगीता ने बताया कि उनके पति घर पर नहीं हैं। आरोप है कि इसके बाद राकेश गुस्सा हो गया और महिला के साथ गाली-गलौज करने लगा।
15 लाख रुपए नहीं दिए तो जान से मारने की धमकी
शिकायत के अनुसार, राकेश ने संगीता से कहा कि अगर उनके पति को जिंदा रहना है तो उसे 15 लाख रुपए देने होंगे। रुपये नहीं देने पर पुखराज को जान से मारने की धमकी देने का आरोप है। महिला के अनुसार आरोपी ने यह भी कहा कि नोखा में रहना है तो 15 लाख रुपए देने पड़ेंगे।
पहले भी रंगदारी मांगने का आरोप
संगीता ने शिकायत में आरोप लगाया है कि राकेश पहले भी उनके पति से रंगदारी की मांग कर चुका है। रुपये देने से इनकार करने के बाद आरोपी पिछले कई दिनों से उनके पति की गाड़ी का पीछा कर कथित रूप से रेकी कर रहा था। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी ने फोन पर कई बार जान से मारने की धमकी दी।
फ्लैट की गैलरी में CCTV में कैद हुई घटना
शिकायत के अनुसार, आरोपी ने फ्लैट में आकर कथित तौर पर धमकी दी कि यदि 15 लाख रुपए नहीं दिए गए तो पुखराज अगले दिन का सूरज नहीं देख पाएगा। महिला के मुताबिक पूरी घटना फ्लैट की गैलरी में लगे CCTV कैमरों में रिकॉर्ड हुई है। पुलिस अब CCTV फुटेज सहित अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है।
आरोपी पर पहले से कई मामले दर्ज होने का दावा
शिकायत में संगीता ने राकेश को आदतन अपराधी बताते हुए दावा किया है कि उसके खिलाफ विभिन्न थानों में रंगदारी, हत्या, जानलेवा हमला और फिरौती सहित कई मामले दर्ज हैं। इन मामलों और आरोपी की आपराधिक पृष्ठभूमि की पुलिस स्तर पर जांच की जा रही है।
पुलिस ने शुरू की जांच
नोखा थाना पुलिस ने महिला की रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस घटना के CCTV फुटेज, फोन कॉल, कथित धमकियों और अन्य तथ्यों की जांच कर रही है। मामले में सामने आने वाले साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।





