ऑपरेशन नीलकंठ का बड़ा खुलासा! बीकानेर पुलिस ने 30 करोड़ से ज्यादा की ड्रग्स पकड़ी, 171 तस्कर गिरफ्तार

02 Jul 2026 BIKANER
Advertisement

ऑपरेशन नीलकंठ में बीकानेर पुलिस की बड़ी कार्रवाई

बीकानेर: नशे के कारोबार के खिलाफ बीकानेर पुलिस की ओर से चलाए जा रहे ऑपरेशन नीलकंठ के तहत पिछले करीब तीन महीनों में बड़ी कार्रवाई की गई है। अभियान के दौरान पुलिस ने 135 मामले दर्ज कर 171 आरोपियों को गिरफ्तार किया, जबकि दो नाबालिगों को निरुद्ध किया गया। साथ ही विभिन्न प्रकार के नशीले पदार्थ, तस्करी में इस्तेमाल किए गए वाहन और 13.09 लाख रुपये की ड्रग्स मनी भी जब्त की गई है।

30 करोड़ से अधिक की ड्रग्स बरामद

जिला पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा ने बताया कि अभियान का उद्देश्य नशे के अवैध कारोबार पर प्रभावी प्रहार करना, युवाओं को नशे से बचाना और ड्रग्स सप्लाई नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त करना है।

अभियान के दौरान पुलिस ने 14.076 किलोग्राम हेरोइन, 540.49 ग्राम स्मैक, 7.429 किलोग्राम अफीम, 3.71 किलोग्राम गांजा, 474.567 किलोग्राम डोडा, 28.82 ग्राम एमडीएमए, 156.16 ग्राम एमडी तथा 50,680 कैप्सूल बरामद किए। जब्त किए गए नशीले पदार्थों की अनुमानित कीमत 30 करोड़ 75 लाख 54 हजार 705 रुपये बताई गई है।

41 वाहन भी किए जब्त

पुलिस ने नशीले पदार्थों की तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे 18 कार, 3 ट्रक-ट्रेलर, 2 स्कॉर्पियो, 18 मोटरसाइकिल, एक कैंपर और एक बोलेरो भी जब्त की है। पुलिस का कहना है कि अब कार्रवाई केवल तस्करों तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे ड्रग्स नेटवर्क, उसके वित्तीय स्रोतों और सहयोगियों तक पहुंच बनाई जा रही है।

करोड़ों की अवैध संपत्ति पर भी कार्रवाई

ऑपरेशन नीलकंठ के दौरान पुलिस ने नशे के कारोबार से अर्जित अवैध संपत्तियों पर भी कार्रवाई की। विभिन्न थाना क्षेत्रों में अवैध निर्माण और अतिक्रमण हटाए गए। लूणकरणसर में करीब 5 करोड़ रुपये मूल्य की सरकारी भूमि को कब्जामुक्त कराया गया। इसके अलावा एनडीपीएस एक्ट की धारा 68-एफ के तहत भी कई मामलों में कार्रवाई की गई।

जनता के लिए हेल्पलाइन जारी

बीकानेर पुलिस ने नशे के खिलाफ आमजन की भागीदारी बढ़ाने के लिए ऑपरेशन नीलकंठ हेल्पलाइन 87645 07201 जारी की है। इस नंबर पर ड्रग्स की बिक्री, तस्करी, संदिग्ध व्यक्तियों, नशे के अड्डों, अवैध संपत्ति तथा तस्करी में इस्तेमाल होने वाले वाहनों की सूचना दी जा सकती है। पुलिस ने आश्वस्त किया है कि सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

Share: