श्रीडूंगरगढ़। क्षेत्र में बढ़ते सड़क हादसों के बीच परिवहन विभाग ने ओवरलोड वाहनों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। विभाग की टीम ने जांच अभियान के दौरान चार ओवरलोड डंपरों को पकड़ा और सभी वाहनों से नियमानुसार जुर्माना वसूला।
आरटीओ जितेंद्र सिंह ने बताया कि क्षेत्र में वाहनों की जांच के दौरान चार डंपर ओवरलोड पाए गए। नियमों का उल्लंघन करने पर सभी वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई और नियमानुसार जुर्माना राशि वसूल की गई।
परिवहन विभाग का कहना है कि सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ओवरलोड वाहनों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। अधिकारियों की ओर से वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने की हिदायत दी गई है।
विभाग ने वाहनों के नंबरों के साथ छेड़छाड़ करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यातायात नियमों का उल्लंघन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
सरकार के निर्देशानुसार सड़क सुरक्षा अभियान के तहत ओवरलोडिंग सहित अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों की लगातार जांच की जाएगी और नियमों के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।




