नोखा। बीकानेर के नोखा क्षेत्र से बड़ी खबर सामने आई है। 5 अगस्त को एटीएम कैश वैन से हुई 51 लाख रुपए की लूट के मामले में पुलिस ने बड़ी बरामदगी की है। जिला पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा के निर्देश और सीओ जरनैल सिंह के सुपरविजन में पांचू सीआई ईश्वर प्रसाद जांगिड़ की टीम ने 46 लाख रुपए नगद बरामद किए हैं।
पुलिस ने सोमवार को वारदात का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया था। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने पुलिस को रात में रकम छिपाने की जगह के बारे में जानकारी दी। इसके बाद पुलिस टीम मंगलवार अलसुबह बताए गए स्थान पर पहुंची और रकम बरामद करने की कार्रवाई शुरू की।
प्लास्टिक की बाल्टी में छिपाए थे 46 लाख
पुलिस के अनुसार लूट की रकम को एक प्लास्टिक की बाल्टी में छिपाकर रखा गया था। बाल्टी में 500 और 100 रुपए के नए नोटों की गड्डियां रखी हुई थीं। पुलिस ने तलाशी के दौरान बाल्टी से कुल 46 लाख रुपए नकद बरामद किए।
5 अगस्त को पांचू थाना क्षेत्र में एटीएम कैश वैन को निशाना बनाकर बदमाश करीब 51 लाख रुपए लूटकर फरार हो गए थे। घटना के बाद पुलिस ने लगातार जांच करते हुए सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों तक पहुंच बनाई थी।
दो अन्य आरोपियों और बाकी रकम की तलाश
पुलिस ने इस मामले में अब तक दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बड़ी रकम बरामद होने के बाद पुलिस अब वारदात में शामिल दो अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है। साथ ही लूट की शेष रकम को बरामद करने के प्रयास भी किए जा रहे हैं।
जिला पुलिस की इस कार्रवाई को पांचू एटीएम कैश वैन लूट मामले में बड़ी सफलता माना जा रहा है। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर लूट की पूरी साजिश और वारदात में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।




