पांचू कैश वैन लूट का बड़ा खुलासा! 51 लाख की लूट में 2 गिरफ्तार

10 Aug 2026 BIKANER
Advertisement

बीकानेर। नोखा के पांचू थाना क्षेत्र में कुछ दिन पहले हुई बैंक की कैश वैन से 51 लाख रुपए की लूट का पुलिस ने पर्दाफाश करने का दावा किया है। बीकानेर पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा के निर्देशन में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विक्रम सिंह और श्याम सुंदर के रूप में हुई है। दोनों आरोपी चरखड़ा और स्वरूपदेसर गांव के रहने वाले बताए जा रहे हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दोनों का संबंध कैश मैनेजमेंट सर्विस से जुड़े कार्मिकों से बताया जा रहा है। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर लूट की पूरी साजिश और इसमें शामिल अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है।

यह वारदात 5 अगस्त बुधवार को पांचू थाना क्षेत्र में हुई थी। जानकारी के अनुसार बैंक की कैश वैन में बड़ी रकम ले जाई जा रही थी। इसी दौरान हथियार दिखाकर बदमाशों ने कैश वैन को निशाना बनाया और करीब 51 लाख रुपए लेकर फरार हो गए थे। घटना के बाद पुलिस ने पूरे क्षेत्र में नाकाबंदी कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी थी।

घटना के बाद पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी जुटाई। पुलिस टीम लगातार मामले की कड़ियां जोड़ने में लगी हुई थी। आखिरकार सोमवार को पुलिस को इस मामले में सफलता मिली और दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।

बताया जा रहा है कि पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा ने शुरुआत से ही इस मामले में सिस्टम से जुड़े लोगों की भूमिका की आशंका जताई थी। जांच के दौरान पुलिस को इसी दिशा में महत्वपूर्ण सुराग मिले, जिसके बाद आरोपियों तक पहुंच बनाई गई।

इस कार्रवाई में पांचू थानाधिकारी ईश्वर सिंह और उनकी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका बताई जा रही है। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि लूट की साजिश कैसे रची गई, वारदात में और कौन-कौन लोग शामिल थे तथा लूटी गई रकम का क्या हुआ।

Share: