PBM अस्पताल को लेकर आंदोलन तेज! बीडी कल्ला ने दी चेतावनी- मांगें नहीं मानी तो होगा बीकानेर बंद

21 Jun 2026 BIKANER
Advertisement

PBM अस्पताल को लेकर आंदोलन तेज! बीडी कल्ला ने दी चेतावनी- मांगें नहीं मानी तो होगा बीकानेर बंद

बीकानेर। पीबीएम अस्पताल की बदहाल व्यवस्थाओं के खिलाफ चल रहा पीबीएम सुधारो आंदोलन रविवार को 11वें दिन भी जारी रहा। धरना स्थल पर पहुंचे पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. बीडी कल्ला ने सरकार और प्रशासन पर जमकर निशाना साधते हुए आंदोलन को और तेज करने की चेतावनी दी।

डॉ. बीडी कल्ला ने कहा कि संभाग के सबसे बड़े अस्पताल पीबीएम में मरीजों को बेहतर सुविधाएं नहीं मिल रही हैं। अस्पताल की व्यवस्थाएं लगातार बिगड़ रही हैं, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी केवल आश्वासन दे रहे हैं।

उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि अस्पताल सुधार से जुड़ी 10 सूत्रीय मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो बीकानेर बंद का आह्वान किया जाएगा।

वहीं जिला कांग्रेस कमेटी हनुमानगढ़ के जिलाध्यक्ष मनीष गोदारा ने भी सरकार को घेरते हुए कहा कि पीबीएम अस्पताल की अव्यवस्थाओं से पूरे संभाग की जनता परेशान है। मांगें नहीं मानी गई तो हनुमानगढ़ सहित पूरे संभाग से लोग बीकानेर पहुंचकर जिला कलेक्ट्रेट का घेराव करेंगे।

आंदोलनकारियों का कहना है कि पिछले 11 दिनों से धरना जारी है, लेकिन प्रशासन की ओर से अभी तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। उन्होंने कहा कि जनता के स्वास्थ्य से जुड़े मुद्दों पर अब केवल आश्वासन स्वीकार नहीं किए जाएंगे।

धरनास्थल से आंदोलनकारियों ने स्पष्ट किया कि पीबीएम अस्पताल की व्यवस्थाओं में सुधार होने तक संघर्ष जारी रहेगा।

पीबीएम सुधारो आंदोलन में बड़ी संख्या में लोग पहुंचे

रविवार को आयोजित धरने में कांग्रेस नेताओं सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और आंदोलनकारी मौजूद रहे। वक्ताओं ने अस्पताल में इलाज, सुविधाओं और व्यवस्थाओं को लेकर तत्काल सुधार की मांग उठाई।

आंदोलनकारियों ने कहा कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और बड़ा रूप दिया जाएगा।

Share: