PBM सुधार आंदोलन तेज: NSUI ने निकाली चिकित्सा मंत्री की शव यात्रा, पुलिस से हुई झड़प
Bikaner News । पीबीएम अस्पताल की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं, संसाधनों की कमी और कथित भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रहे “पीबीएम सुधारो जनआंदोलन” के तहत एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन करते हुए चिकित्सा मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर की शव यात्रा निकाली।
प्रदर्शन के दौरान एनएसयूआई कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच झड़प की स्थिति बन गई। कार्यकर्ता पीबीएम अधीक्षक को ज्ञापन देने जा रहे थे, लेकिन पुलिस द्वारा रोके जाने पर धक्का-मुक्की हुई।
एनएसयूआई अध्यक्ष कृष्ण गोदारा ने आरोप लगाया कि कार्यकर्ता शांतिपूर्ण तरीके से ज्ञापन देने जा रहे थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें जबरन रोक दिया और धक्का-मुक्की की।
उन्होंने कहा कि एनएसयूआई कार्यकर्ता दबाव की राजनीति से डरने वाले नहीं हैं और आगामी 30 जून को जिला कलेक्टर कार्यालय के घेराव में पूरी ताकत के साथ शामिल होंगे।
गौरतलब है कि पीबीएम सुधारो जनआंदोलन के तहत पिछले 16 दिनों से धरना-प्रदर्शन जारी है। आंदोलनकारियों ने अस्पताल प्रशासन, जिला कलेक्टर और संभागीय आयुक्त को 10 सूत्रीय मांगों को लेकर कई ज्ञापन सौंपे हैं।
आंदोलनकारियों का आरोप है कि अब तक उनकी मांगों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। इसके साथ ही पीबीएम अस्पताल में कथित भ्रष्टाचार और अनियमितताओं की जांच किसी आईएएस अधिकारी की अध्यक्षता में करवाने की मांग भी की गई है।
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि मांगें पूरी नहीं होने तक आंदोलन जारी रहेगा।




