फलोदी के राणेरी गांव में जमीन विवाद खूनी संघर्ष में बदला, ट्रैक्टर चढ़ने से महिला की मौत
फलोदी। जिले के राणेरी गांव में जमीन विवाद ने सोमवार सुबह बड़ा रूप ले लिया। खेत जोतने को लेकर हुए विवाद में भतीजों पर अपनी ताई के ऊपर ट्रैक्टर चढ़ाने का आरोप लगा है। हादसे में महिला की मौत हो गई।
घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका के बेटे की रिपोर्ट पर पुलिस ने छह लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दो साल से चल रहा था जमीन को लेकर विवाद
बाप थाना अधिकारी रमेश ढाका ने बताया कि दो भाई सावराराम और मगनाराम के बीच पिछले करीब दो साल से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था।
सोमवार सुबह सावराराम और उसके बेटे खेत जोतने के लिए ट्रैक्टर लेकर पहुंचे थे। परिवार की ओर से उन्हें खेत जोतने से रोका गया, लेकिन इसी दौरान विवाद बढ़ गया।
विवाद के दौरान महिला पर चढ़ा दिया ट्रैक्टर
आरोप है कि झगड़े के दौरान सावराराम के बेटों ने मगनाराम की पत्नी शांति विश्नोई (60) पर ट्रैक्टर चढ़ा दिया। हादसे में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।
परिजन घायल शांति को तुरंत फलोदी जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव को मॉर्च्युरी में रखवाया गया।
छह लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज
मृतका के बेटे सुभाष ने बाप पुलिस थाने में रिपोर्ट देकर छह लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज करवाया है।
रिपोर्ट में सावराराम के बेटे रमेश, श्यामलाल और विकास, उसकी पत्नी सोमारी सहित दो अन्य लोगों पर आरोप लगाए गए हैं।
पुलिस कर रही मामले की जांच
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। परिजनों के अनुसार इससे पहले भी करीब एक साल पहले बुआई को लेकर विवाद हुआ था, लेकिन गांव के लोगों के समझाने के बाद भी मामला शांत नहीं हो पाया था।



