बीकानेर में बारिश को लेकर आई ये खबर, विभाग ने जारी किया अलर्ट
बीकानेर। प्रदेश में इन्द्र देवता मेहरबान है और लगातार बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने राजस्थान के 5 जिलों में शुक्रवार को तेज बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, बाकी जिलों में यलो अलर्ट है। शुक्रवार से तीन दिन प्रदेश के कई हिस्सों में तेज बारिश का दौर शुरू होगा। बीते 24 घंटे में सीकर, झुंझुनूं, जयपुर, अजमेर सहित कई जिलों में गुरुवार को 2 इंच तक बरसात हुई।
बीकानेर में भी गुरूवार को तेज हवाओं के साथ बारिश हुई। जिससे आमजन को राहत तो मिली लेकिन उमस ने बेहाल कर दिया। कोटा, उदयपुर संभाग के कुछ क्षेत्रों में भी तेज बारिश हुई। कोटा, उदयपुर संभाग के जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। पूर्वी राजस्थान के जिलों में हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी है।
वहीं पश्चिमी जिलों में वेस्टर्न विंड चलने से गर्मी बढ़ गई।जैसलमेर, बाड़मेर में पारा 40 डिग्री के पार चला गया है। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया- मानसून ट्रफ अभी जैसलमेर, कोटा, रायसेन होते हुए डीप-डिप्रेशन सिस्टम से होकर गुजर रही है। डीप-डिप्रेशन सिस्टम अभी छत्तीसगढ़ के ऊपर से गुजर रहा है, जो धीरे-धीरे पश्चिम दिशा में आगे आ रहा है। इस सिस्टम के प्रभाव से राजस्थान में 5-6 अगस्त तक बारिश का दौर जारी रहेगा।



