राजस्थान में अगले 24 घंटे में मानसून की पूरी एंट्री! 25 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट, बीकानेर समेत बॉर्डर जिलों में गर्मी बरकरार

02 Jul 2026 BIKANER
Advertisement

राजस्थान में अगले 24 घंटे में मानसून की पूरी एंट्री की संभावना

बीकानेर. राजस्थान में मानसून अब पूरे प्रदेश को कवर करने की ओर बढ़ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटों के दौरान मानसून के पूरे राजस्थान में प्रवेश करने की संभावना है। इस बीच कोटा, भरतपुर और जयपुर संभाग के कई जिलों में रुक-रुक कर बारिश का दौर जारी है।

Advertisement

जुलाई के शुरुआती दो सप्ताह में अच्छी बारिश के संकेत

मौसम विभाग का अनुमान है कि जुलाई के शुरुआती दो सप्ताह के दौरान जयपुर सहित पूर्वी राजस्थान के कई हिस्सों में सामान्य से अधिक बारिश हो सकती है। हालांकि इसके बाद मानसून की गतिविधियां कुछ कमजोर पड़ने की संभावना भी जताई गई है।

25 जिलों में आंधी और बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग ने गुरुवार को प्रदेश के 25 जिलों में आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है। जिन जिलों में चेतावनी जारी की गई है उनमें हनुमानगढ़, चूरू, सीकर, झुंझुनूं, जयपुर, दौसा, अलवर, भरतपुर, धौलपुर, करौली, सवाई माधोपुर, नागौर, अजमेर, टोंक, भीलवाड़ा, कोटा, बूंदी, बारां, झालावाड़, चित्तौड़गढ़, प्रतापगढ़, डूंगरपुर, बांसवाड़ा, उदयपुर और राजसमंद शामिल हैं।

बीकानेर सहित बॉर्डर जिलों में गर्मी से राहत नहीं

दूसरी ओर राजस्थान-पाकिस्तान सीमा से लगे जिलों में अभी भी भीषण गर्मी का असर बना हुआ है। बीकानेर, बाड़मेर, जैसलमेर और श्रीगंगानगर सहित पश्चिमी राजस्थान के कई क्षेत्रों में बुधवार को तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों को परेशान किया।

मानसून पर टिकी लोगों की नजर

मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि यदि परिस्थितियां अनुकूल रहीं तो अगले 24 घंटों में मानसून की सक्रियता पश्चिमी राजस्थान की ओर भी बढ़ेगी, जिससे बीकानेर संभाग सहित आसपास के क्षेत्रों में भी मौसम बदलने और गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।

Advertisement
Share: