जयपुर. करीब 15 दिन के इंतजार के बाद राजस्थान में मानसून एक बार फिर पूरी तरह सक्रिय हो गया है। मंगलवार को जयपुर, सीकर, झुंझुनूं, कोटा, झालावाड़, बारां और उदयपुर समेत कई जिलों में जोरदार बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग ने अगले चार से पांच दिनों तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश का दौर जारी रहने का पूर्वानुमान जारी किया है।
इन इलाकों में हुई सबसे ज्यादा बारिश
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के अनुसार मंगलवार को सबसे अधिक बारां जिले के छीपाबड़ौद में 5 इंच बारिश रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा सीकर ग्रामीण और धोद में 4.5-4.5 इंच, कोटा के सुल्तानपुर में 4 इंच, दौसा के रामगढ़ पचवारा में साढ़े तीन इंच, झालावाड़ के खानपुर और टोंक के अलीगढ़ में सवा तीन इंच तथा बारां के छबड़ा में पौने तीन इंच बारिश दर्ज की गई।
26 जुलाई तक बारिश का दौर रहेगा जारी
मौसम विभाग के अनुसार उत्तर-पूर्वी राजस्थान के ऊपर एक परिसंचरण तंत्र सक्रिय है और मानसून ट्रफ लाइन भी सामान्य स्थिति में बनी हुई है। इसके प्रभाव से 22 से 26 जुलाई के बीच कोटा, जयपुर, भरतपुर, अजमेर, उदयपुर, जोधपुर और बीकानेर संभाग के अधिकांश जिलों में अच्छी बारिश होने की संभावना है।
24 जिलों में भारी से अति भारी बारिश का अलर्ट
बुधवार को मौसम विभाग ने जयपुर, अजमेर, कोटा और भरतपुर संभाग के अंतर्गत आने वाले 24 जिलों में भारी से अति भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। वहीं पश्चिमी राजस्थान के कई जिलों में भी हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है।
हाड़ौती क्षेत्र में किसानों के चेहरे खिले
हाड़ौती क्षेत्र में सोमवार से शुरू हुआ बारिश का सिलसिला मंगलवार को भी जारी रहा। कोटा, बारां और झालावाड़ में अच्छी बारिश से किसानों और आमजन को राहत मिली। कोटा शहर में दोपहर करीब दो बजे शुरू हुई तेज बारिश करीब सवा घंटे तक जारी रही। जिले के रामगंजमंडी, सांगोद, इटावा, सुल्तानपुर, अरण्डखेड़ा, कैथून, खातौली और कुंदनपुर सहित कई क्षेत्रों में अच्छी बारिश दर्ज की गई।
आकाशीय बिजली गिरने से युवक की मौत
कोटा जिले के रानपुर क्षेत्र स्थित केबलनगर में मंगलवार को आकाशीय बिजली गिरने से 23 वर्षीय नीरज फागणा की मौत हो गई। बताया गया कि युवक घर की छत पर मौजूद था, तभी अचानक बिजली गिरने से वह अचेत हो गया। परिजन उसे अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।




