रणजीतपुरा में आधी रात रास्ता रोककर हमला, गाड़ी को टक्कर मारकर भाइयों से मारपीट
बज्जू। रणजीतपुरा थाना क्षेत्र में रास्ता रोककर मारपीट करने और वाहन को टक्कर मारकर क्षतिग्रस्त करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने सात नामजद आरोपियों सहित 10 से 15 अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार चक 36 सीडब्ल्यूबी चारणवाला निवासी रामेश्वर पुत्र गोपालराम विश्नोई (26) ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। परिवादी ने बताया कि 29-30 जुलाई की मध्यरात्रि को कंकरवाला के पास आरोपियों ने उसका और उसके भाइयों का रास्ता रोक लिया।
आरोप है कि सभी आरोपी एकराय होकर उनके साथ मारपीट करने लगे और उनकी गाड़ी को भी टक्कर मारकर क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना में परिवादी और उसके भाइयों को चोटें आईं।
पुलिस ने हनुमान, मनोज, चैनाराम, सफाई सिंह, देवाराम, भंवर और डूंगरराम सहित 10 से 15 अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। मामले की जांच एएसआई मंगलदास को सौंपी गई है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच में जुटी हुई है।




