राजस्थान में मानसून पड़ा सुस्त! अब इस तारीख से फिर होगी झमाझम बारिश, मौसम विभाग का बड़ा अपडेट

11 Jul 2026 BIKANER
Advertisement

राजस्थान में मानसून पड़ा सुस्त, 15 जुलाई से फिर तेज बारिश के आसार

बीकानेर: राजस्थान में मानसून की रफ्तार फिलहाल धीमी पड़ गई है। मौसम विभाग के अनुसार आगामी कुछ दिनों तक सीमित क्षेत्रों में ही बारिश होने की संभावना है, जबकि 15 जुलाई से मानसून एक बार फिर सक्रिय होकर कई जिलों में अच्छी बारिश करा सकता है।

Advertisement

मौसम विभाग ने शनिवार को श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, चूरू, झुंझुनूं, कोटपूतली-बहरोड़, अलवर, डीग, भरतपुर और धौलपुर जिलों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं।

बीते 24 घंटे में अलवर, श्रीगंगानगर और चूरू जिलों में सबसे अधिक वर्षा दर्ज की गई। हालांकि राज्य के अधिकांश हिस्सों में मानसून कमजोर बना हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार 15 जुलाई से मानसून दोबारा गति पकड़ सकता है और कई जिलों में अच्छी बारिश देखने को मिल सकती है।

कम बारिश का असर खेती पर भी दिखाई देने लगा है। प्रदेश के 24 जिलों में सामान्य से कम वर्षा दर्ज हुई है, जबकि 34 जिलों में खरीफ फसलों की बुवाई पिछले वर्ष की तुलना में पीछे चल रही है। आंकड़ों के अनुसार इस वर्ष अब तक खरीफ की बुवाई लगभग 30 प्रतिशत कम हुई है।

पश्चिमी राजस्थान में तापमान में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई। श्रीगंगानगर प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इसके अलावा जैसलमेर और फलोदी में 39.8 डिग्री तथा बीकानेर में 39.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ। चूरू में बारिश के बावजूद अधिकतम तापमान 37.5 डिग्री सेल्सियस रहा।

मौसम विभाग के अनुसार पूर्वी राजस्थान के जयपुर, भरतपुर, कोटा और उदयपुर संभाग में 16 जुलाई तक कहीं-कहीं बारिश की संभावना बनी रहेगी। वहीं बीकानेर संभाग के कुछ हिस्सों के साथ सिरोही, उदयपुर, झालावाड़ और बारां जिलों में भी हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।

Advertisement
Share: