रामदेवरा जा रही कार को ट्रक ने ट्रैक्टर समेत मारी टक्कर, युवती-बालक की मौके पर मौत; 4 घायल
बीकानेर। रामदेवरा हाईवे पर देर रात करीब 2:30 बजे भीषण सड़क हादसा हो गया। बीकानेर की ओर से आ रहे एक ट्रक ने हाईवे पर एक कार और ट्रैक्टर को टक्कर मार दी। कार सवार 18 वर्षीय युवती और 13 वर्षीय बालक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में कार सवार दो अन्य लोग गंभीर घायल हुए हैं, जबकि ट्रैक्टर सवार दो लोग भी चोटिल हुए हैं।
रामदेवरा दर्शन के लिए जा रहे थे कार सवार
जानकारी के अनुसार हाईवे पर बीकानेर की ओर स्थित एक होटल के पास यह हादसा हुआ। कार सवार लोग रामदेवरा के निकट दर्शन करने जा रहे थे। इसी दौरान बीकानेर की ओर से आ रहे ट्रक ने पहले ट्रैक्टर और फिर कार को टक्कर मार दी। ट्रैक्टर सवार लोग रामदेवरा से दर्शन कर वापस लौट रहे थे और वे भादरा क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं।
कार में फंस गए थे दोनों शव
हादसे की सूचना मिलते ही एपीजे क्विक एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। दुर्घटना में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और मृतकों के शव उसमें फंस गए। ट्रस्ट के सेवादारों ने दुर्घटनास्थल पर पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद दोनों शवों को कार से बाहर निकाला और मोर्चरी में रखवाया।
मृतकों की पहचान 18 वर्षीय निशा पुत्री जुगलाल जाट और 13 वर्षीय विकास पुत्र संजयपाल जाट के रूप में हुई है। कार में सवार 22 वर्षीय कपिल कुमार पुत्र जुगलाल जाट और 20 वर्षीय सुनील पुत्र दौलतराम जाट, निवासी साहवा, हादसे में घायल हुए हैं।
सेवादारों ने शव निकालने में की मदद
कार में फंसे शवों को निकालने के दौरान ट्रस्ट के सेवादार इमरान छींपा, तालिब, राईन गुर्जर, रोशन अली और अमीर खान सहित अन्य ने सक्रिय भूमिका निभाई। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
हादसे की सूचना मृतकों और घायलों के परिजनों को दे दी गई। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी जुटाई। हादसे के कारणों की पुलिस जांच कर रही है।




