रणजीतपुरा में 18 वर्षीय युवती के अपहरण की रिपोर्ट, बिना नंबर कैंपर से ले जाने का आरोप

26 Sep 2026 BIKANER
Advertisement

रणजीतपुरा में 18 वर्षीय युवती के अपहरण की रिपोर्ट, बिना नंबर कैंपर से ले जाने का आरोप

बज्जू। रणजीतपुरा थाना क्षेत्र में एक 18 वर्षीय युवती के अपहरण का मामला सामने आया है। युवती के पिता ने थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाकर कुछ लोगों पर बिना नंबर प्लेट की कैंपर गाड़ी से बेटी को अपने साथ ले जाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर युवती की तलाश शुरू कर दी है।

Advertisement

पुलिस के अनुसार परिवादी ने रिपोर्ट में बताया कि 24 सितंबर को दोपहर करीब 12 बजे एक बिना नंबर प्लेट की कैंपर गाड़ी उनके घर के सामने आकर रुकी। आरोप है कि कैंपर में सवार लोग उनकी 18 वर्षीय पुत्री को अपने साथ ले गए।

तीन लोगों पर जताई आशंका

रिपोर्ट में पिता ने आसपास पूछताछ के बाद मनीराम पुत्र अर्जुनराम निवासी चाखू, पांचाराम और महिपाल जंवर बिश्नोई निवासी मोटाई, वर्तमान जोधपुर सहित अन्य लोगों पर युवती को ले जाने की आशंका जताई है।

परिजनों ने युवती के साथ किसी अनहोनी की आशंका जताते हुए पुलिस से उसे जल्द बरामद कर सुरक्षित परिवार को सौंपने की मांग की है।

पुलिस ने शुरू की तलाश

रणजीतपुरा थाना पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रकरण की जांच हेड कांस्टेबल कैलाशदान को सौंपी गई है। पुलिस आरोपों की जांच करने के साथ युवती की तलाश में जुटी है।

पुलिस जांच के बाद ही घटना की पूरी स्थिति स्पष्ट होगी।

Advertisement
Share: