रणजीतपुरा में सड़क किनारे मिला युवक का शव, अज्ञात वाहन की टक्कर की आशंका
रणजीतपुरा। रणजीतपुरा थाना क्षेत्र में सड़क किनारे एक युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। परिजनों ने अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक की मौत होने की आशंका जताई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश शुरू कर दी है।
रावतसर निवासी श्रवणराम मेघवाल ने 24 सितंबर को पुलिस को रिपोर्ट दी कि उसका भाई 21 सितंबर को परिवार के साथ दंतौर गया था। वहां से उसने परिवार को रवाना कर दिया और स्वयं पीछे से बस में जगासर आया, लेकिन इसके बाद घर नहीं पहुंचा।
परिजनों ने आसपास के क्षेत्रों में तलाश की, लेकिन युवक का कोई पता नहीं चला। 23 सितंबर की शाम जगासर से गांव आरडी 95 की ओर जाने वाली सड़क पर परिजनों को उसकी चप्पल मिली। आसपास सड़क पर वाहन के ब्रेक के निशान और कुछ टूटे हुए पार्ट्स भी मिले।
सड़क किनारे ढलान में मिला शव
इसके बाद परिजनों ने आसपास तलाश की तो सड़क के पास ढलान में युवक का शव मिला। रिपोर्ट में आशंका जताई गई कि किसी अज्ञात वाहन ने युवक को टक्कर मारी, जिससे उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
टूटे पार्ट्स से वाहन की तलाश
रणजीतपुरा थाना पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस घटनास्थल से मिले साक्ष्यों, ब्रेक के निशान और वाहन के टूटे हुए पार्ट्स के आधार पर अज्ञात वाहन की पहचान करने का प्रयास कर रही है। मृतक की मौत के वास्तविक कारण और हादसे की परिस्थितियों की जांच की जा रही है।






