श्रीडूंगरगढ़ में विवाहिता ने लगाया अपहरण और दुष्कर्म का आरोप
श्रीडूंगरगढ़. श्रीडूंगरगढ़ थाना क्षेत्र के एक गांव की 25 वर्षीय विवाहिता ने एक युवक के खिलाफ अपहरण कर दुष्कर्म करने का गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस थाने में मामला दर्ज कराया है। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच सीओ श्रीडूंगरगढ़ को सौंप दी है।
कार में जबरन बैठाकर ले जाने का आरोप
पीड़िता ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि 9 जून को दोपहर करीब 1:30 बजे वह घर के बाहर निकली थी। इसी दौरान काले शीशों वाली एक कार उसके पास आकर रुकी। आरोप है कि कार में पीछे बैठे रतनगढ़ के लूछ निवासी मनीष ब्राह्मण ने उसका हाथ पकड़कर जबरन कार में खींच लिया। आरोपी ने उसका मुंह बंद कर दिया और चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी दी।
जोधपुर और जयपुर में 14 दिन तक रखा बंधक
रिपोर्ट के अनुसार आरोपी पहले उसे जोधपुर और बाद में जयपुर ले गया। पीड़िता का आरोप है कि वहां उसके साथ मारपीट की गई तथा चाकू की नोक पर कई बार दुष्कर्म किया गया। आरोपी ने उसके अश्लील वीडियो भी बना लिए। पीड़िता ने बताया कि उसे दो दिन जोधपुर और लगभग 12 दिन जयपुर में अलग-अलग स्थानों पर रखा गया।
धमकी देकर बयान दिलाने का आरोप
पीड़िता का आरोप है कि बाद में आरोपी उसे जयपुर से चूरू जिले के एक पुलिस थाने ले गया और अपने पक्ष में बयान देने के लिए दबाव बनाया। साथ ही उसके बेटे और भाई की हत्या करने की धमकी देकर वर्ष 2022 में राजलदेसर थाने में दर्ज दुष्कर्म के मामले को वापस लेने के लिए भी कहा।
पहले से दर्ज है दुष्कर्म का मामला
पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ चूरू जिले के राजलदेसर थाने में पहले से भी दुष्कर्म का एक मामला दर्ज है। फिलहाल श्रीडूंगरगढ़ पुलिस ने विवाहिता की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच सीओ श्रीडूंगरगढ़ द्वारा की जा रही है।
नोट: यह मामला पीड़िता द्वारा लगाए गए आरोपों पर आधारित है। आरोपों की पुष्टि जांच और न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही होगी।




