सोलर प्लांट से हजारो मीटर केबल चोरी! पुलिस ने 3 आरोपियों को दबोचा

28 Aug 2026 BIKANER
Advertisement

लूणकरणसर। लूणकरणसर थाना पुलिस ने सोलर पावर प्लांट से अलग-अलग तारीखों में 35 हजार मीटर डीसी केबल चोरी होने के मामले का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अब आरोपियों से चोरी की गई केबल की बरामदगी के साथ ही वारदात में शामिल अन्य लोगों के संबंध में पूछताछ कर रही है।

Advertisement

अलग-अलग दिनों में चोरी हुई 35 हजार मीटर केबल

पुलिस के अनुसार सुरनाणा निवासी फरसाराम पुत्र चेनाराम जाट ने 24 अगस्त को लूणकरणसर थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। रिपोर्ट में बताया गया कि उसकी फर्म के माध्यम से एक सोलर पावर प्लांट में ठेके का कार्य किया जा रहा है। इस दौरान प्लांट से अलग-अलग तारीखों में बड़ी मात्रा में डीसी केबल चोरी हो गई।

रिपोर्ट के अनुसार 16 जुलाई को 11 हजार मीटर, 9 अगस्त को 8 हजार मीटर, 13 अगस्त को 10 हजार मीटर और 24 अगस्त को 6 हजार मीटर डीसी केबल चोरी हुई। इस प्रकार कुल 35 हजार मीटर केबल चोरी होने का मामला सामने आया। चोरी गई सामग्री में 916 एनएस एमसी-4 और 916 एनएस एफसीएल की केबल भी शामिल बताई गई है।

तीन आरोपियों को किया गिरफ्तार

मामले में मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की। चोरी और नकबजनी की वारदातों में वांछित आरोपियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने सूचना संकलन किया और पूर्व में संदिग्ध रहे लोगों से पूछताछ के आधार पर मामले की कड़ियां जोड़ीं।

जांच के दौरान पुलिस ने मामले में कथित रूप से शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अर्जुन पुत्र कालूराम नायक (29) निवासी हुसंगसर, रामरतन पुत्र शिवराम नायक (25) निवासी कावनी, नाल तथा पुखराज पुत्र रामू नायक (20) निवासी हुसंगसर के रूप में हुई है।

चोरी की केबल बरामद करने में जुटी पुलिस

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों से चोरी की गई डीसी केबल की बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं। साथ ही पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इस वारदात में अन्य व्यक्ति शामिल थे या नहीं। आरोपियों से यह भी पूछताछ की जा रही है कि कहीं उनका संबंध क्षेत्र में हुई अन्य चोरी की घटनाओं से तो नहीं है।

पुलिस कार्रवाई बीकानेर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक और बीकानेर पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण तथा लूणकरणसर वृत्ताधिकारी के सुपरविजन में की गई। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में सहायक उपनिरीक्षक नरेंद्र सिंह सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।

फिलहाल पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है और चोरी की गई केबल की बरामदगी के साथ-साथ पूरे नेटवर्क का पता लगाने का प्रयास जारी है।

Share: